फोटो गैलरी

Hindi Newsकोल्हान में नेताओं ने झोंकी ताकत

कोल्हान में नेताओं ने झोंकी ताकत

विधानसभा के लिए दूसरे चरण में कोल्हान की तेरह सीटों के लिए होने वाले चुनाव के लिए सभी राजनीतिक दलों ने ताकत झोंक दी है। इस क्रम में बुधवार को गृहमंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित...

कोल्हान में नेताओं ने झोंकी ताकत
लाइव हिन्दुस्तान टीमWed, 26 Nov 2014 10:45 PM
ऐप पर पढ़ें

विधानसभा के लिए दूसरे चरण में कोल्हान की तेरह सीटों के लिए होने वाले चुनाव के लिए सभी राजनीतिक दलों ने ताकत झोंक दी है। इस क्रम में बुधवार को गृहमंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुबोधकांत सहाय ने विभिन्न इलाकों में चुनावी सभाओं को संबोधित किया।

रेलवे की जमीन से नहीं उजड़ेगा गरीबों का आशियाना : राजनाथ
केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि बागबेड़ा में रेलवे की जमीन पर बसे गरीबों के आशियाने को उजड़ने नहीं दिया जाएगा। वे बुधवार को बागबेड़ा के बीएनआर मैदान में भाजपा प्रत्याशी मेनका सरदार के पक्ष में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।

राजनाथ सिंह ने कहा कि सरकार ने तय किया है कि सभी गरीबों को छत उपलब्ध कराई जाएगी। गरीबों को खुले आसमान के नीचे रहने के लिए कोई मजबूर नहीं कर सकता है। उन्होंने कहा कि चुनाव बाद सांसद रवींद्र राय इस मसले को लेकर दिल्ली में मुलाकात करेंगे तो वे रेलमंत्री को बुलाकर बागबेड़ा में रेलवे की जमीन पर बसे लोगों की समस्या का समाधान करा देंगे। गृहमंत्री ने कहा कि स्थानीय समस्याओं में छियासी बस्ती भी है, जो सरकार हिन्दुस्तान के लोगों को उनका मालिकाना हक नहीं दिला सकती, उसे बने रहने का हक नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग हिंसक ताकतों का सहारा लेकर सत्ता पाना चाहते हैं, उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि हिंसा से सत्ता या व्यवस्था नहीं बदलती। सत्ता और व्यवस्था एक वोट की ताकत से बदलती है।
जनता से सीधे संवाद किया
राजनाथ सिंह ने स्थानीय समस्याओं को लेकर जनता से सीधे संवाद किया और पूछा कि लड़कियों के हायर एजुकेशन के लिए कोई संस्था है या नहीं। लोगों ने आवाज लगाई नहीं तो हंसते हुए सिंह ने कहा कि जय श्रीराम। कोई बात नहीं। इस बार मेनका सरदार की जिम्मेदारी है, उसे जरूर बनवाएंगी। फिर पूछा कि यूसील क्या है? तो मंच पर बैठे एक नेता ने बताया कि यूरेनियम की खदान...। तो उन्होंने कहा कि अच्छा-अच्छा यूसील का मतलब यूरेनियम कार्पोरेशन ऑफ इंडिया। यही है न तो लोगों ने आवाज लगाई हां! हां! यही है। तो उन्होंने कहा कि क्यों बंद हो गया? आप लोगों ने कुछ गड़बड़ तो नहीं किया था। लोग ठहाका लगा बैठे। गृहमंत्री ने कहा कि इस संबंध में भी संबंधित विभाग से बातचीत की जाएगी।
जरूरत पड़ी तो ग्रेटर जमशेदपुर पर भी होगा विचार
गृहमंत्री राजनाथ ने कहा कि पोटका विधानसभा क्षेत्र में कुछ है या नहीं तो लोगों ने कहा-कुछ भी नहीं है। जमशेदपुर जैसे विकसित शहर के पास ये स्थिति है तो जरूरत पड़ने पर ग्रेटर जमशेदपुर पर भी विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा सरकार की उपलब्धियां गिनवाई और कहा कि आने वाले दस साल में भारत में बनी चीजों की धूम पूरी दुनिया में होगी। लोग मेड इन इंडिया लिखा हुआ सामान दुनिया के बाजारों में तलाशेंगे। इसके लिए भारत में रहने वाले 65 प्रतिशत युवाओं को हुनरमंद बनाने की योजना बनाई गई है।
इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय, भाजपा प्रत्याशी मेनका सरदार, जिला पार्षद राजकुमार सिंह, महानगर अध्यक्ष नंदजी प्रसाद सहित अन्य लोग मौजूद थे।

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें