फोटो गैलरी

Hindi Newsतुबिद को मिली भाजपा में इंट्री, विदेश व अनंत प्रताप देव पर रोक

तुबिद को मिली भाजपा में इंट्री, विदेश व अनंत प्रताप देव पर रोक

पूर्व कैबिनेट सचिव जेबी तुबिद भाजपा में शामिल हो गये हैं। जबकि निर्दलीय विधायक विदेश सिंह और कांग्रेस के एक विधायक की इंट्री आखिरी समय में रोक दी गई। भाजपा कार्यालय में बताया गया कि विदेश सिंह को...

तुबिद को मिली भाजपा में इंट्री, विदेश व अनंत प्रताप देव पर रोक
लाइव हिन्दुस्तान टीमThu, 30 Oct 2014 10:49 PM
ऐप पर पढ़ें

पूर्व कैबिनेट सचिव जेबी तुबिद भाजपा में शामिल हो गये हैं। जबकि निर्दलीय विधायक विदेश सिंह और कांग्रेस के एक विधायक की इंट्री आखिरी समय में रोक दी गई। भाजपा कार्यालय में बताया गया कि विदेश सिंह को लेकर आरएसएस ने कड़ी आपत्ति जताई है। डांट-फटकार भी हुई है।

झाविमो विधायक ढुल्लू महतो को लेकर संघ पहले से नाराज था। बताया गया कि विदेश सिंह को लेकर संघ के एक बड़े पदाधिकारी ने भाजपा के एक राष्ट्रीय नेता से बात की और आपत्ति जताई। उसके बाद तय हुआ कि विदेश सिंह को भाजपा में शामिल नहीं कराया जायेगा। कांग्रेस के एक विधायक भाजपा में शामिल होने के लिए पूरी तैयारी के साथ रांची पहुंच चुके थे। लेकिन उनकी भी इंट्री रोक लगा दी गई। विधायक को लेकर क्या आपत्ति थी, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय ने अपने कार्यालय कक्ष में तुबिद को भाजपा की सदस्यता दिलाई। कोई मिलन समारोह का आयोजन नहीं हुआ।

व्यक्तिगत स्तर पर शामिल कराये जा रहे हैं नेता
पार्टी में चर्चा तेज है कि संगठन या प्रमुख नेताओं की जानकारी के बगैर विधायकों या नेताओं को पार्टी में शामिल कराया जा रहा है। विदेश सिंह को लेकर एक राष्ट्रीय नेता इच्छुक थे। कहा जा रहा है कि सोमवार को दोनों के बीच मुलाकात भी हुई थी। ढुल्लू महतो के भी भाजपा में शामिल होने की सूचना पार्टी नेताओं को आखिरी समय में मिली। संगठन के एक बड़े पदधारी ढुल्लू को लेकर दिलचस्पी दिखा रहे थे। स्थिति यह है कि हाल में हुए दो बड़ी ज्वाइनिंग की जानकारी पार्टी के प्रमुख नेताओं को नहीं थी। सब कुछ चुपके से किया जा रहा है।

अच्छी सेवा छोड़कर आ रहा हूं : तुबिद
भाजपा में शामिल होने के बाद जेबी तुबिद ने कहा कि वह अच्छी सेवा (आइएएस) छोड़कर राजनीति में आ रहे हैं। वह मानते हैं कि जो व्यक्ति जहां है, उसे वहां आगे बढ़कर काम करना चाहिए। तुबिद ने कहा कि उन्होंने पार्टी से अनुरोध किया है कि वह चुनाव लड़ना चाहते हैं। अगर पार्टी उन्हें उस लायक समझती है तो मौका दे सकती है। उन्होंने कहा कि मैंने पार्टी के सामने इच्छा नहीं जताई है, बल्कि अनुरोध किया है। पूर्व आइएएस गोरेलाल यादव के उस बयान पर कि नौकरशाहों को नौकरी के बाद राजनीति करनी चाहिए, तुबिद ने कहा कि यह व्यक्ति-व्यक्ति पर निर्भर करता है। कोई नौकरी छोड़कर राजनीति में आता है तो कोई रिटायर होने के बाद। नौकरशाहों के भ्रष्ट होने के आरोपों पर उन्होंने कहा कि यह व्यक्ति पर निर्भर करता है। हर किसी को एक साथ नहीं तौला जाता है। राजनीति में आने पर उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति समय के हिसाब से निर्णय लेता है। अधिकारी नियम-कानून और परिधि में रहकर काम करते हैं। तुबिद ने नरेंद्र मोदी की तरीफ करते हुए कहा कि बहुत दिनों के बाद देश में एक सशक्त नेतृत्व आया है।

 

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें