फोटो गैलरी

Hindi Newsझारखंडः हड़ताल से छह अरब की चपत

झारखंडः हड़ताल से छह अरब की चपत

बुधवार को देशव्यापी आम हड़ताल का असर झारखंड में भी पड़ा। इससे बैंक, एचईसी, कोयला सहित विभिन्न उद्योगों में करीब छह सौ करोड़ की चपत लगी। राज्य में कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। धनबाद, संताल...

झारखंडः हड़ताल से छह अरब की चपत
लाइव हिन्दुस्तान टीमWed, 02 Sep 2015 08:52 PM
ऐप पर पढ़ें

बुधवार को देशव्यापी आम हड़ताल का असर झारखंड में भी पड़ा। इससे बैंक, एचईसी, कोयला सहित विभिन्न उद्योगों में करीब छह सौ करोड़ की चपत लगी। राज्य में कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। धनबाद, संताल परगना और जमशेदपुर में भी हड़ताल असरदार रही।

राज्य के बैंकों में ही करीब चार सौ करोड़ का लेनदेन प्रभावित हुआ। कर्मियों ने अपने क्षेत्रीय कार्यालयों के समक्ष प्रदर्शन किया। हड़ताल में एटक, सीटू, इंटक, एचएमएस, एक्टू सहित अन्य संगठन शामिल थे।

रांची के अलबर्ट एक्का चौक पर यूनियनों ने रैली निकाली। उन्होंने दावा किया कि कोयला कंपनियों में उत्पादन और प्रेषण नहीं हुआ। सीसीएल से 5.70 लाख टन कोयला नहीं भेजा जा सका। सीसीएल प्रबंधन ने पहली पाली में तीन हजार टन अधिक कोयला उत्पादन का दावा किया। सीएमपीडीआई के 12 कैंपों में ड्रिलिंग का काम बंद रहा।

पश्चिम बंगाल स्थित आसनसोल कैंप में काम प्रभावित नहीं हुआ। सीसीएल और सीएमपीडीआई मुख्यालय के गेट के पास कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। एटक के अनुसार जमशेदपुर के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के कारखानों में हड़ताल रही। पाकुड़ और साहेबगंज के पत्थर खदानों, क्रशर, बीड़ी उद्योग, निर्माण क्षेत्र और एनटीपीसी में कोयला आपूर्ति करने वाले मेरी गोल्ड रेलवे के कामगार हड़ताल पर रहे।

बोकारो स्टील, किरीबुरू लौह अयस्क, चिड़िया माइंस, तांबा उद्योग में भी हड़ताल पूरी तरह सफल रही। बीएसएनएल कर्मियों की हड़ताल के कारण कस्टमर सर्विस प्रभावित हुई। केंद्रीय भू जल परिषद कर्मचारी संघ के हड़ताल में शामिल होने के कारण ड्रिलिंग यूनिट बंद रही। हड़ताल के कारण कई मार्गों पर यात्री बसें नहीं चलीं। खनिजों की ढुलाई करनेवाले ट्रक भी नहीं चले।

डाक कर्मियों के हड़ताल में शामिल होने के कारण लोगों तक चिळी-पार्सल भी नहीं पहुंचे। पोस्टल ऑर्डर सहित अन्य डाक सामग्री नहीं बिकी। नेताओं ने हड़ताल को सफल बनाने के लिए कामगारों को बधाई दी है।

किस क्षेत्र में कितनी चपत (अनुमानित)
बैंकिंग    400 करोड़
खनिज    150 करोड़
खनिज परिवहन    15 करोड़
पोस्ट ऑफिस    05 करोड़
बीमा    10 करोड़
यात्री परिवहन    10 करोड़
बीड़ी और निर्माण10 करोड़

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें