रांची में ट्रैफिक सुधार जारी रहेगा, बस स्टॉप को शहर के बाहर करने पर होगा विचार
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के दौरान शहर की ट्रैफिक व्यवस्था बेहतरीन रही। शहर जाम से मुक्त रहा, आम शहरी भी ट्रैफिक नियमों का पालन करते दिखे।शहर में ट्रैफिक सुधार की व्यवस्था को जारी रखने के लिए अब नई...
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के दौरान शहर की ट्रैफिक व्यवस्था बेहतरीन रही। शहर जाम से मुक्त रहा, आम शहरी भी ट्रैफिक नियमों का पालन करते दिखे।शहर में ट्रैफिक सुधार की व्यवस्था को जारी रखने के लिए अब नई कवायदों पर विचार चल रहा है।
रांची ट्रैफिक एसपी संजय रंजन सिंह ने बताया कि ग्लोबल समिट के दौरान शहर से बस स्टैंड को बाहर रखा गया था। साथ ही रिंग रोड से भी गाड़ियों का परिचालन हुआ। ऐसा करने से शहर में ट्रैफिक का बोझ कम हुआ। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस अब विचार कर रही कि शहर से बस स्टैंड को बाहरी इलाके में शिफ्ट किया जाए।
ग्लोबल समिट से कैसे बदली ट्रैफिक की तस्वीर
ग्लोबल समिट के दौरान रांची ट्रैफिक पुलिस को 1500 जवान मिले हैं। ट्रैफिक एसपी के मुताबिक, इस स्ट्रेंथ की वजह से भी ट्रैफिक सुचारु रहा। पुलिसकर्मी लगातार सक्रिय रहे। पुलिस को मिले स्ट्रेंथ में इजाफा होगा। ट्रैफिक में मैनपावर मिलने से व्यवस्था बनाने में मदद मिलेगी। शहर के मेन रोड में पार्किंग जोन, नो पार्किंग जोन समेत कई चीजें मार्क की गई हैं। शहर के प्रमुख रास्तों में जेब्रा क्रासिंग भी बनाए गए हैं। वहीं ट्रैफिक पुलिस को नई वर्दी, बैटन लाइट, फ्लोरेंस जैकेट, सीटी, पब्लिक एनाउंसमेंट सिस्टम समेत कई संसाधन मिले हैं।
आज होगी ई रिक्शा की लॉटरी
ट्रैफिक एसपी ने बताया कि रांची शहर में बगैर परमिट के ऑटो का परिचालन पूरी तरह बंद होगा। चौक चौराहों पर ऑटो को लगने नहीं दिया जाएगा। शहर में 24 रास्तों में ई रिक्शा के परिचालन के लिए शनिवार को लॉटरी निकलेगा। एक रूट पर मात्र 25 ई रिक्शा के परिचालन की अनुमति होगी। ई रिक्शा की संख्या सीमित होने से मेन रोड को जाम से मुक्ति मिलेगी। छह माह के लिए ई रिक्शा के लिए रूट निर्धारण किया जाएगा। एक मार्च से ई रिक्शा के लिए नई व्यवस्था पूरी तरह लागू कर दी जाएगी।