फोटो गैलरी

Hindi Newsरणजी ट्राफी ग्रुप बी : पहली पारी में 209 पर सिमटा झारखंड 

रणजी ट्राफी ग्रुप बी : पहली पारी में 209 पर सिमटा झारखंड 

रणजी ट्रॉफी ग्रुप ‘बी’ के मैच में टीम राजस्थान के खिलाफ झारखंड की टीम पहली पारी में 209 रनों पर सिमट गई। गुरुवार को बड़ौदा में शुरू हुए टूर्नामेंट में  पहले दिन का खेल खत्म होने तक...

रणजी ट्राफी ग्रुप बी : पहली पारी में 209 पर सिमटा झारखंड 
लाइव हिन्दुस्तान टीमThu, 20 Oct 2016 06:39 PM
ऐप पर पढ़ें

रणजी ट्रॉफी ग्रुप ‘बी’ के मैच में टीम राजस्थान के खिलाफ झारखंड की टीम पहली पारी में 209 रनों पर सिमट गई। गुरुवार को बड़ौदा में शुरू हुए टूर्नामेंट में  पहले दिन का खेल खत्म होने तक  राजस्थान ने बिना किसी नुकसान के 26 रन बना लिए थे। एमएन सिंह 10 और विनीत सक्सेना 16 रन बनाकर क्रीज पर हैं। 

शुरुआत अच्छी नहीं : झारखंड के कप्तान सौरभ तिवारी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन झारखंड की शुरुआत काफी निराशाजनक रही। टीम के दोनों ही सलामी बल्लेबाज विराट सिंह (0) और आनंद सिंह (0) शून्य के स्कोर पर पवेलियन लौट गये। 

इतना ही नहीं एक समय झारखंड टीम के पांच विकेट महज 69 रनों पर गिर गए थे। इसके बाद अनुभवी इशांक जग्गी और हरफनमौला कौशल सिंह ने छठे विकेट लिए 96 रनों की साझेदारी कर कुछ हद तक स्थिति को संभालने का प्रयास किया। लेकिन इस जोड़ी के टूटते ही झारखंड की पारी 209 रनों पर खत्म हो गई। 

कौशल का अर्द्धशतक : महाराष्ट्र के खिलाफ पहले मैच में शतक जमानेवाले हरफनमौला कौशल सिंह ने आठ चौके व एक छक्के की मदद से 56 रनों की अर्द्धशतकीय पारी खेली। इशांक जग्गी दुर्भाग्यशाली रहे। वे अपने अर्द्धशतक से महज एक रन पीछे रहते हुए 49 (सात चौके) के स्कोर पर पवेलियन लौटे। 

अन्य बल्लेबाजों में कप्तान सौरभ तिवारी 20 (चार चौके), प्रत्युष सिंह 33 और शहबाज नदीम ने 24 रन बनाए। 

पंकज सिंह ने लिए पांच विकेट : टीम राजस्थान की ओर से फिर एक बार गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करते हुए पंकज सिंह ने पांच विकेट चटकाए। अन्य गेंदबाजों में नोबा सिंह और ए सिंह ने दो-दो सफलता हासिल की। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें