फोटो गैलरी

Hindi Newsपुलिस-प्रशासन पर भरोसा करें, धैर्य रखें

पुलिस-प्रशासन पर भरोसा करें, धैर्य रखें

यह शहर अपना है, सभी लोग अपने हैं, फिर यह फसाद क्यों? शहर में शांति बनी रहे, यह हम सभी की जिम्मेदारी है। अफवाहों पर गौर न करें, धैर्य रखें और पुलिस पर भरोसा करें। यह अपील शहर के विभिन्न धर्मों के...

पुलिस-प्रशासन पर भरोसा करें, धैर्य रखें
लाइव हिन्दुस्तान टीमSun, 21 May 2017 03:51 PM
ऐप पर पढ़ें

यह शहर अपना है, सभी लोग अपने हैं, फिर यह फसाद क्यों? शहर में शांति बनी रहे, यह हम सभी की जिम्मेदारी है। अफवाहों पर गौर न करें, धैर्य रखें और पुलिस पर भरोसा करें। यह अपील शहर के विभिन्न धर्मों के मानिंद लोगों ने की। उन्होंने कहा कि कानून हाथ में लेने की घटनाओं से ही समस्या हो रही है। पुलिस और जिला प्रशासन पर सभी को भरोसा करना होगा।

अफवाह बनाती है एक-दूसरे को दुश्मन : जूनागढ़ अखाड़ा के सचिव महंत विद्यानंद सरस्वती ने लोगों से अंधविश्वास से बचने और संयमित रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि अफवाह एक-दूसरे को दुश्मन बनाती है। भाईचारा का रिश्ता हर हाल में बना रहना चाहिए। कुछ असामाजिक तत्व लोगों को गुमराह कर सियासी रोटी सेंक रहे हैं। ऐसे तत्वों का सामाजिक बहिष्कार करें, ताकि समाज में शांति बनी रहे।

दोषियों पर कार्रवाई हो : इमारत-ए-शरिया जमशेदपुर के प्रमुख काजी सऊद आलम कासमी ने कहा कि अवाम को चाहिए कि धैर्य और विवेक से काम करे। कानून हाथ में लेने से कुछ हासिल नहीं होगा। देश में कानूनी लड़ाई से सब हासिल किया जा सकता है। पुलिस के पास समय है कि दोषियों पर कार्रवाई कर अवाम का दिल जीते। इंसानियत का कत्ल करने वालों को कड़ी सजा दे। इसी तरह कानून को हाथ लेते रहे तो देश की अखंडता खतरे में पड़ जाएंगी।

जिम्मेदार लोग उपद्रवियों को समझाएं : अकाली दल जमशेदपुर के जत्थेदार जरनैल सिंह ने कहा कि हाल के दिनों में हुई कुछ घटनाओं पर लोगों का उत्तेजित होना स्वाभाविक है, पर उत्तेजना को कंट्रोल करना चाहिए। ऐसा कोई काम न करें कि दूसरों की परेशानी बढ़े। समाज के जिम्मेदार लोगों को चाहिए कि सड़क पर उपद्रव करने पर उतारू तत्वों को समझाए। पत्थरबाजी समस्या का हल नहीं है। सहनशक्ति के अभाव में छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा से समाज में गड़बड़ी पैदा हो रही है।

शांति बनाए रखें : जमशेदपुर धर्मप्रांत के धर्माध्यक्ष बिशप फेलिक्स टोप्पो ने लोगों से अपील की कि-‘कुछ भी हो, हमें शांति बनाए रखनी है, पुलिस और प्रशासन पर भरोसा करना होगा। दरअसल हो यह रहा है कि लोग बिना सोचे-समझें कानून को हाथ में ले रहे हैं। इसी से समस्या हो रही है और स्थिति बिगड़ रही है। हम एक ईश्वर की संतान हैं, नाम अलग-अलग हैं। हम एक-दूसरे के भाई बहन होने के नाते परिवार के सदस्य हैं। एक-दूसरे के प्रति प्रेम और विश्वास होना चाहिए।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें