फोटो गैलरी

Hindi Newsट्रैफिक कॉलोनी में चला रेलवे का बुल्डोजर, कई घरों में नहीं जले चूल्हे

ट्रैफिक कॉलोनी में चला रेलवे का बुल्डोजर, कई घरों में नहीं जले चूल्हे

बागबेड़ा ट्रैफिक कॉलोनी में रेलवे ने गुरुवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया है। इससे 87 मकानों (अवैध रूप से बने कच्चे-पक्के व झोपड़ी) को तीन पोकलेन के सहारे तोड़ दिया गया। आरपीएफ व बागबेड़ा पुलिस के...

ट्रैफिक कॉलोनी में चला रेलवे का बुल्डोजर, कई घरों में नहीं जले चूल्हे
लाइव हिन्दुस्तान टीमThu, 27 Apr 2017 07:30 PM
ऐप पर पढ़ें

बागबेड़ा ट्रैफिक कॉलोनी में रेलवे ने गुरुवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया है। इससे 87 मकानों (अवैध रूप से बने कच्चे-पक्के व झोपड़ी) को तीन पोकलेन के सहारे तोड़ दिया गया।

आरपीएफ व बागबेड़ा पुलिस के 125 से अधिक महिला-पुरुष जवान व अधिकारी मौके पर मौजूद थे। रेलवे इंजीनीयरिंग विभाग के कर्मचारियों ने गली-गली में घूम-घूमकर पोकलेन से मकानों को तुड़वाया।

बच्चों के चेहरे पर लाचारी : अतिक्रमण हटाने के दौरान बच्चों व वृद्धाओं के चेहरे पर पीड़ा दिखी। वर्षों जिस घर में रहे थे, आज वह पोकलेन के एक धक्के से टूट गया। आठ दिन के नवजात को लेकर एक महिला झोपड़ी से रोते हुए निकली कि रात कहां गुजारेगी। रेलवे का पोकलेन पहुंचते ही रोज कमाने-खाने वाले परिवार की महिला-पुरुष व बच्चे सामानों को निकालने व सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुट गए थे। इससे कई घरों में चूल्हे भी नहीं जले। भूख से बिलखते बच्चे बस भीड़ को निहार रहे थे।

पार्षद का विरोध बेकार : बागबेड़ा के पाषर्द किशोर यादव दर्जनों समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे। रेलवे व पुलिस अधिकारियों से अभियान रोकने का अनुरोध करते हुए विरोध भी जताया। लेकिन उनकी एक न सुनी गई और डेढ़ महिना पहले नोटिस देने का हवाला दिया गया।

दुकानदारों को चेतावनी : एईएन एसके दास ने किशोर यादव को बताया कि सड़क निर्माण के तहत ट्रैफिक कॉलोनी मुख्य सड़क के दोनों क्षोर पर अभियान चलेगा। अच्छा होगा कि आप खुद सड़क के दोनों क्षोर की दुकानों को हटवा दें।

अवैध बस्तियों में दहशत : रेलवे एवं प्रशासनिक अधिकारियों की दृढता से निकट की अन्य अवैध बस्तियों में हड़कंप मचा है। हजारों परिवार दहशत में हैं कि कहीं उनकी बस्ती भी अभियान के दायरे में न आ जाए।

गर्मी में बिजली काटने से बैचेनी : अभियान शुरू करने से पूर्व एईएन ने फोन कर बिजली सप्लाई बंद करा दिया था। इससे ट्रैफिक कॉलोनी के अन्य क्वार्टरों के सैकड़ों परिवार को गर्मी में परेशानी हुई। महिलाएं बच्चों को लेकर मैदान में निकल आई थी।

अधिकारी रहे सक्रिय : विधि व्यवस्था डीएसपी विमल कुमार के साथ दंडाधिकारी महेश्वर महतो, एईएन एसके दास,आरपीएफ सहायक कमांडेंट एसके चौधरी, इंस्पेक्टर मनोज कुमार सिंह व बागबेड़ा के इंस्पेक्टर आमिश हुसैन के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ अभियान चला है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें