फोटो गैलरी

Hindi Newsनेपाल: लाठीचार्ज से उग्र हुए आंदोलनकारी

नेपाल: लाठीचार्ज से उग्र हुए आंदोलनकारी

सद्भावना पार्टी के मुखिया राजेंद्र महतो की अगुवाई में नो मेंस लैंड पर चल रहे धरना प्रदर्शन के दौरान नेपाल पुलिस के लाठीचार्ज करने से हालात बेकाबू हो गए। हजारों की तादाद में प्रदर्शनकारियों ने पथराव...

नेपाल: लाठीचार्ज से उग्र हुए आंदोलनकारी
लाइव हिन्दुस्तान टीमWed, 07 Oct 2015 04:54 PM
ऐप पर पढ़ें

सद्भावना पार्टी के मुखिया राजेंद्र महतो की अगुवाई में नो मेंस लैंड पर चल रहे धरना प्रदर्शन के दौरान नेपाल पुलिस के लाठीचार्ज करने से हालात बेकाबू हो गए। हजारों की तादाद में प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया तो नेपाल सशस्त्र बल के जवानों ने भाग कर जान बचाई। इस बीच आन्दोलनकारी नेपाली पुलिस चौकी में घुस गए और तोड़फोड़ कर दी। नेपाल में हालात बिगड़ता देख भारतीय सुरक्षा बलों ने सीमा पर मोर्चा संभाल लिया है।

 

समान नागरिकता और मधेस प्रदेश के लिए चल रहे आंदोलन को धार देने के लिए बुधवार दोपहर में सोनौली पहुंचे सद्भावना पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेन्द्र महतो ने प्रेस वार्ता में ही तेवर दिखा दिए थे।

 

लड़ाई को सफल बनाने के लिए महतो ने नेपाल के सभी कस्टम कार्यालयों को ठप करने के लिए आवाज उठाई। इसके बाद दोपहर 2:10 बजे खुद नो मेंस लैंड पर धरना देने पहुंच गए। देखते ही देखते प्रदर्शकारियों की संख्या दो हजार से ज्यादा हो गई।

 

दबाव बनाने के लिए नेपाली पुलिस और सशस्त्र बल ने लाठीचार्ज कर दिया। इससे उग्र हुए आन्दोलनकारियों ने पथराव कर दिया। सोनौली सीमा पर पहली बार इतनी बड़ी तादाद में जुटे आन्दोलनकारियों ने नेपाली पुलिस को खदेड़ लिया। नेपाल सशस्त्र बल के जवानों ने भाग कर किसी तरह जान बचाई। इसके बाद आन्दोलनकारियों ने नेपाली पुलिस चौकी पर धावा बोल दिया। कुछ ही देर में चौकी तहस-नहस कर डाली।

 

भारतीय सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाला

हालात को देख भारतीय सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई। सोनौली पुलिस के साथ ही एसएसबी ने भी मोर्चा संभाल लिया। जवान गश्त बढ़ाकर आन्दोलनकारियों पर नजर रखे हुए हैं। उनकी कोशिश है कि आन्दोलनकारी भारतीय सीमा में न घुस पाएं।

 

लगातार तीसरे दिन आपूर्ति ठप रहने से हाहाकार

सोनौली सीमा से नेपाल को जाने वाले मालवाहक वाहनों के पहिये लगातार तीसरे दिन बुधवार को भी ठप रहे। सोमवार दोपहर में प्रदर्शन की अनुमति लेने गए तीन आंदोलनकारियों को हिरासत में लेने पर हुए बवाल के बाद ही नेपाल की आपूर्ति ठप हो गई है। बवाल में एक भारतीय ट्रक ड्राइवर की हत्या के बाद चालकों ने भी बिना सुरक्षा की गांरटी के वाहनों को ले जाने से इनकार कर दिया है।

 

सभी सेवाएं ठप करने की चेतावनी

नेपाल सद्भावना पार्टी के अध्यक्ष राजेंद्र महतो ने चेताया कि 40 दिन तक हमने शांतिपूर्ण आंदोलन चलाया लेकिन कार्यकारी सरकार उनकी मांगों को अनसुना करती रही। मजबूर होकर हमें आंदोलन को उग्र करना पड़ा। 14 दिन से आपूर्ति ठप करने की रणनीति आगे भी जारी रहेगी। आन्दोलन के अगले चरण में सभी सेवाएं ठप करेंगे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें