फोटो गैलरी

Hindi Newsआप क्यों हो जाते हैं मोटे? जानें ये 6 वजहें

आप क्यों हो जाते हैं मोटे? जानें ये 6 वजहें

महिलाएं हों या पुरुष अक्सर अपने मोटापे से परेशान रहते हैं। वे अपने गलत खान-पान व रहन-सहन की आदतों के कारण मोटापे के शिकार हो जाते हैं। इस कारण उन्हें तरह-तरह की दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं।...

आप क्यों हो जाते हैं मोटे? जानें ये 6 वजहें
लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 26 Aug 2016 01:00 PM
ऐप पर पढ़ें

महिलाएं हों या पुरुष अक्सर अपने मोटापे से परेशान रहते हैं। वे अपने गलत खान-पान व रहन-सहन की आदतों के कारण मोटापे के शिकार हो जाते हैं। इस कारण उन्हें तरह-तरह की दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं। जहां एक ओर मोटापा उनकी सुंदरता को कम करता है, वहीं स्वास्थ्य के लिए भी खतरनाक होता है। इसी वजह से कई तरह की बीमारियां भी पैदा होती हैं।

मोटे लोग अपने पहनावे को लेकर भी अक्सर परेशान रहते हैं, जिससे समाज में हंसी का पात्र बनते हैं। खासकर महिलाएं मोटापे को लेकर ज्यादा परेशान रहती हैं। वे अपनी मन-पसंद ड्रेस भी नहीं पहन पातीं। इसी क्रम में हम आपको बताने जा रहे हैं कि किन-किन कारणों से मोटापे की समस्या पैदा होती है।


1. कोल्ड ड्रिंक्स की जगह पिएं डाइट सोडा
अगर आप रोज कोल्ड ड्रिंक या सोडा पीते हैं तो संभल जाइए, क्योंकि इसका सेवन करने से मोटापे की समस्या पैदा होती है। शोधकर्ताओं के मुताबिक, प्रतिदिन सोडा पीने से मोटापा तेजी से बढ़ता है, जबकि सप्ताह में एक बार सोडा पीने से सेहत पर ज्यादा असर नहीं पड़ता। अधिकतर लोग मानते हैं कि डाइट सोडे में कम कैलोरी होती है, लेकिन आपको बता दें कि ये भी सेहत के लिए हानिकारक है। इसमें शुगर की मात्रा अधिक होती है। इसलिए खाना खाते समय सोडा पीने से बचना चाहिए। अगर आपको कोई ड्रिंक पीने की बहुत इच्छा करती है तो आप सोडा की जगह ताजे फलों का जूस, नींबू पानी व पुदीने का रस पी सकते हैं।

2. हमेशा छोटी प्लेट को चुनें
जब भी आप घर या बाहर डिनर करते हैं, तो खाने लेते वक्त अपनी प्लेट के साइज पर विशेष ध्यान दें। एक सर्वे के मुताबिक, यह पाया गया कि जो लोग खाना खाने के लिए बड़ी प्लेट चुनते हैं, वे उसमें खाने की बहुत सारी चीजें शामिल कर लेते हैं। इस कारण अपने शरीर की जरूरत के मुताबिक वे ज्यादा खाना खा लेते है, जिससे मोटापे की समस्या बन जाती है। अगर आप अपना मोटापा कम करना चाहते हैं तो हमेशा छोटी प्लेट में ही खाना लें। इससे आप ओवर ईटिंग की बुरी आदत से बच जाएंगे। 

3. देर रात न खाएं खाना
यह सच है कि सोते वक्त नेचुरली आपके शरीर से चर्बी घट जाती है, लेकिन फुल पेट भरकर सोने पर यह संभव नहीं है। कई लोगों को रात में देर से खाना खाने की आदत होती है, जिस कारण उन्हें पेट से संबंधित कई रोग हो जाते हैं। साथ ही मोटापा की समस्या भी पैदा होती है। अगर आप समय पर डिनर लेने की आदत बना लेंगे, तो मोटापे की समस्या से निजात पा सकते हैं। डिनर में खाना कम और फल ज्यादा रात में देर से डिनर लेते समय खाने की मात्रा कम रखें व फलों का सेवन करें। इसके अलावा खाना खाने के तुरंत बाद सोने के लिए न जाएं, क्योंकि ऐसा करने से खाना पच नहीं पाता। अपने खाने और सोने के बीच कम-से-कम 2-3 घंटे का अंतर रखें।

4. तनाव और गुस्से में अधिक खाना
आपने अक्सर देखा होगा कि जब आप गुस्से और तनाव में होते हैं, तो अधिक खाना खाने लगते हैं। उस वक्त खाना अच्छा तो नहीं लगता, लेकिन मन को शांत करने के लिए कुछ और सूझता भी नहीं। इस दौरान ज्यादा खा लेने से शरीर पर धीरे-धीरे चर्बी जमा हो जाती है। तनाव व गुस्से के समय ज्यादा खाना खाने की आदत से छुटकारा पाने के लिए पानी पिएं, अपने दोस्तों से बात करें व आराम करें। इसके अलावा आप कोई एक्टिविटी भी कर सकते हैं, जिससे आप भावुकता के समय एक्सट्रा कैलोरी लेने से बच सकते हैं।

5. खाएं रही सब्जियां
मोटापे के लिए सबसे ज्यादा जिम्मेदार खान-पान की आदतें होती हैं। हम जो खाते हैं,उसका सीधा असर हमारे स्वास्थ्य पर पड़ता है। अगर आप हद से ज्यादा मिठाई, मक्खन, घी, मलाई व फास्टफूड लेते हैं तो मोटापे के शिकार हो जाते हैं। कोशिश करें कि अधिक वसायुक्त वाले आहार ना लें और खाने में जरूरी चीजों को शामिल करें। हरी पत्तेदार सब्जियां जरूर खाएं, क्योंकि इनमें कैलोरी की मात्रा काफी कम होती है। इससे शरीर स्वस्थ भी रहेगा और मोटापे की समस्या से भी बचा जा सकेगा। साथ ही खाना बनाने के लिए ऑलिव ऑयल का इस्तेमाल करें।

6. लें पूरी नींद
आमतौर पर जिन लोगों की नींद ठीक से पूरी नहीं हो पाती, वे अन्य लोगों की तुलना में अधिक खाते-पीते हैं। अनिद्रा के शिकार लोग अधिक समय तक जागते रहने के कारण अधिक स्नैक्स खा लेते हैं। इसके साथ ही अधिक वसा वाला व मीठा भोजन खाने के लिए भी उनका मन ललचाता है। इससे उनके मोटे होने का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए कोशिश करें कि समय पर सोने के लिए जाएं और 7-9 घंटे की सामान्य नींद जरूर लें।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें