फोटो गैलरी

Hindi Newsचिंकारा गो में तो बस यही होगा

चिंकारा गो में तो बस यही होगा

कल मुझे एक चिंकारा हिरन मिला। उसके पास एक मोबाइल था। यह देखकर मुझे बड़ा अचरज हुआ- अरे! मोबाइल। क्या कर रहे हो? उसने मोबाइल पर नजर गड़ाए-गड़ाए कहा- देखते नहीं, चिंकारा गो गेम खेल रहा हूं। यह कब आया?...

चिंकारा गो में तो बस यही होगा
लाइव हिन्दुस्तान टीमSun, 28 Aug 2016 09:20 PM
ऐप पर पढ़ें

कल मुझे एक चिंकारा हिरन मिला। उसके पास एक मोबाइल था। यह देखकर मुझे बड़ा अचरज हुआ- अरे! मोबाइल। क्या कर रहे हो? उसने मोबाइल पर नजर गड़ाए-गड़ाए कहा- देखते नहीं, चिंकारा गो गेम खेल रहा हूं। यह कब आया? -मैंने पूछा। वह बोला- यह आपके पोकेमॉन गो से भी पहले आ चुका था। मैंने कहा- इस गेम के बारे में कुछ बतलाइए।

चिंकारा बोला- इसमें एक चिंकारा होता है, और एक बैडमैन सुपर स्टार होता है। सुपर स्टार हिरन का शिकार करना चाहता है। हिरन को अपने आप को बचाना होता है। हिरन जैसे-जैसे बचने के लिए कभी कूदता है, कभी भागता है, कभी छिपता है, वैसे-वैसे सुपर स्टार के हथियार भी बदलते जाते हैं। जैसे चाकू, तीर-कमान, पिस्तौल, बंदूक आदि। मैंने कहा- यह तो बड़ा लर्निंग और एडवेंचरस गेम है। फिर जब हिरन बच जाता होगा, तब गेम खत्म हो जाता होगा। यह तो पहली स्टेज है। इसमें अगर हिरन बच जाता है, तो पॉइंट मिल जाते हैं। अगर हिरन मर जाता है, तो उसे एक लाइफ मिलती है। गजब। फिर क्या होता है?

अगले जन्म में हिरन एक गरीब आदमी के रूप में जन्म लेता है। उसके पास रहने को घर नहीं है। इसलिए वह रात में फुटपाथ पर सोता है। फिर वही सुपर स्टार फुटपाथ पर अपनी गाड़ी चलाता है। आदमी को उससे बचना है। अच्छा, तब तो दो बातें होती होंगी। या तो वह आदमी बच जाता होगा या फिर मर जाता होगा। और खेल खत्म।
नो सर। इसके बाद तीसरी स्टेज भी है। 
उसमें क्या होता है? यह सबसे कठिन स्टेज है। इस लेवल में जंगल के राजा शेर के दरबार में दोनों की पेशी होती है। इसमें सुपर स्टार पर अपराध साबित करना होता है। अगर हिरन जीत गया, तो उसे महाबली हिरन का दर्जा मिल जाता है। 
अब तक कितने महाबली हिरन बने हैं? 
यही तो अफसोस की बात है सर जी। 

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें