फोटो गैलरी

Hindi Newsबादल का बरसना और इंसानियत का बे-बस होना

बादल का बरसना और इंसानियत का बे-बस होना

पहले बादल बरसे, बेमौसम बरसे। कहा गया कि यह तो ईश्वर की लीला है। इस पर कोई वश नहीं। फिर भूडोल आया, जबर्दस्त आया। कहा गया कि इस पर भी कोई वश नहीं। इसके बाद बस से शैतानियत बरसी। फिर भी कहा गया,...

बादल का बरसना और इंसानियत का बे-बस होना
लाइव हिन्दुस्तान टीमTue, 05 May 2015 09:05 PM
ऐप पर पढ़ें

पहले बादल बरसे, बेमौसम बरसे। कहा गया कि यह तो ईश्वर की लीला है। इस पर कोई वश नहीं। फिर भूडोल आया, जबर्दस्त आया। कहा गया कि इस पर भी कोई वश नहीं। इसके बाद बस से शैतानियत बरसी। फिर भी कहा गया, ‘रब दी मर्जी है।’ आदमी सरकार से लड़ सकता है। जंतर-मंतर जा सकता है। पर वह भगवान से कहां जाकर लड़े?  सरकार से बेबस आदमी बरसना चाहता है, लेकिन किस पर बरसे? उसके बरसने के सारे रास्ते बंद हैं। बात जब ईश्वर की आ जाती है, तो सरकार भी बे-बस हो जाती है। बस पर उसका कोई नियंत्रण नहीं है, लेकिन जनता कंट्रोल में है। बाकी सुरक्षा-व्यवस्था चाक-चौबंद है। सरकार के पास बस तो है, पर वह बेबस है। ईश्वर की मर्जी के आगे बड़े-बड़े बे-बस हो जाते हैं।

शायद ऐसे ही लोगों को मौका मिलने पर जनता पैदल कर देती है। पर अभी वह खुद पैदल है, सरकार के पास बस है। आदमी बस में है, सरकार को यह जानकारी है। उसके बे-बस होने की न तो उसे खबर है और न उस पर उसका जोर है। बस की मालकिन सरकार है, पर उसमें सफर करते ‘सामान’ का मालिक ऊपर वाला है। बस में लिखा भी होता है, ‘सवारी अपने सामान की रक्षा स्वयं करें।’ ऐसी स्पष्ट उद्घोषणा के बाद भी कोई ‘बादल’ पर बरसे, यह सर्वथा अनुचित है। बादल पर न कोई गरज सकता है, न ही बरस। यह काम बादल का ही है। संकट के बादल दूसरों पर छाते हैं, इसलिए उन्हें डरना चाहिए, जिनके पास अपने छाते नहीं है। सरकार के पास बना-बनाया छाता है ‘ईश्वर की मर्जी।’ इसीलिए सब उसके वश में हैं। प्रतिकूल मौसम में बादल का बरसना दुखदायी होता है। इसमें सरकार या उसके कारिंदों का दोष नहीं। ईश्वर की मर्जी से जब पत्ता तक न हिलता हो, इतने बहुमत से आई सरकार कैसे हिल सकती है? मगर नादान परिंदों को क्या पता? वे तपती दोपहर में एक बूंद की उम्मीद लगा बैठे हैं। उन्हें नहीं पता कि सरकारी-बादल के पास नीचे वालों के लिए कुछ नहीं है। कोई ऊपर चला गया, तो मुआवजे की बूंद जरूर टपकाई जा सकती है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें