गोड्डा में जिप सदस्यों ने किया हंगामा
जिला परिषद सदस्यों ने बोर्ड के निर्णय के अनुपालन नहीं करने का आरोप पदाधिकारियों पर लगाया। सोमवार को जिला परिषद की बैठक शुरू होते जिप सदस्यों ने बहिष्कार किया। धरना पर बैठ गए। पदाधिकारियों की...
जिला परिषद सदस्यों ने बोर्ड के निर्णय के अनुपालन नहीं करने का आरोप पदाधिकारियों पर लगाया। सोमवार को जिला परिषद की बैठक शुरू होते जिप सदस्यों ने बहिष्कार किया। धरना पर बैठ गए।
पदाधिकारियों की मानमनौव्वल के बावजूद जिप सदस्य बैठक में शामिल नहीं हुए। जिला परिषद अध्यक्ष बसंती देवी ने बताया कि पंचायत राज अधिनियम का अनुपालन जिले में नहीं हो रहा है। पदाधिकारी अपनी मनमानी कर रहे हैं। बैठक में सदस्य जो निर्णय लेते हैं, उसका जिले में पदाधिकारी उल्लंघन कर रहे हैं। पदाधिकारियों के मनमाने रवैया से नाराज सदस्यों ने बैठक का बहिष्कार किया। वहीं जिला परिषद उपाध्यक्ष लक्ष्मी चक्रवर्ती ने बताया कि जिले में पानी की समस्या गंभीर है। भीषण गर्मी शुरू हो गयी है, बावजूद लोगों को शुद्ध पानी नहीं मिल रहा है। सदर प्रखंड के बोदरा गांव में प्लोराइड युक्त पानी लोगों को पीना पड़ रहा था। इसको लेकर बीते नौ माह पूर्व गांव में पावर ट्रीटमेंट प्लांट लगाने का सदस्यों ने निर्णय लिया था। लेकिन पदाधिकारियों के मनमाने रवैया के कारण वाटर प्लांट बोदरा की जगह सुस्ती में लगाया जा रहा है। पंचायती राज्य अधिनियम का उल्लंघन है। इसे हर हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिप सदस्य रामजी साह ने कहा कि पहाड़ पर बसे पहाड़िया को पानी के लिए पलायन करना पड़ रहा है। जिप सदस्य अब्दुल बहाव शम्स ने कहा कि यह कोई पहला मामला नहीं है, जब बोर्ड के निर्णय का ठेंगा दिखाया गया है। पूर्व में चाहे ओफडी, स्वच्छ भारत अभियान से जुड़ा मामला हो, बोर्ड के निर्णय को पदाधिकारी नहीं मानते है। बोर्ड की बैठक में पदाधिकारी उपस्थित रहें, यह भी नहीं होता है। पदाधिकारी अपने अधीनस्थ कर्मी को बैठक में भेजकर माखौल उड़ाते है। बैठक में विधायक प्रतिनिधि बब्लू सिंह, हरिश भगत, रवीन्द्र महतो, जिप सदस्य सुरेन्द्र मोहन केशरी, घनश्याम यादव, ओमप्रकाश बरई, पूनम देवी, फुलकुमारी देवी, नगमा आरा, ओमप्रकाश बरई के अलावे कई जिला परिषद बैठक में शामिल हुए।
डीडीसी सह जिला परिषद सचिव मुकुंद दास ने कहा कि पंचायती राज्य कानून के तहत काम किया जा रहा है। कुछ मामले छूट जाते हैं तो उसका भी अनुपालन किया जाता है। पानी की समस्या गंभीर है। पेयजल विभाग को निर्देश जारी किए गए हैं।