फोटो गैलरी

Hindi Newsतस्वीर पर लिखे टेक्स्ट का अनुवाद करेगा 'गूगल ट्रांसलेट'

तस्वीर पर लिखे टेक्स्ट का अनुवाद करेगा 'गूगल ट्रांसलेट'

किसी अनजान शहर में साइन बोर्ड पर स्थानीय भाषा में जगहों के नाम लिखे हों और आपको वह भाषा न आती हो तो मंजिल ढूंढने में खासी मशक्कत करनी पड़ती है। हालांकि फोन में ‘गूगल ट्रांसलेट’ एप इंस्टॉल...

तस्वीर पर लिखे टेक्स्ट का अनुवाद करेगा 'गूगल ट्रांसलेट'
लाइव हिन्दुस्तान टीमMon, 27 Jun 2016 07:26 PM
ऐप पर पढ़ें

किसी अनजान शहर में साइन बोर्ड पर स्थानीय भाषा में जगहों के नाम लिखे हों और आपको वह भाषा न आती हो तो मंजिल ढूंढने में खासी मशक्कत करनी पड़ती है। हालांकि फोन में ‘गूगल ट्रांसलेट’ एप इंस्टॉल कर आप इस समस्या से बच सकते हैं। यह एप न सिर्फ किसी लेख, बल्कि फोटो, दीवार या साइन बोर्ड पर लिखे टेक्स्ट का भी अनुवाद करने में सक्षम है। आइए इसकी खूबियों और इस्तेमाल के तरीके पर नजर डालते हैं...

103 भाषाओं का करें अनुवाद
‘गूगल ट्रांसलेट’ एप गूगल प्ले और आईट्यूंस स्टोर पर मुफ्त में उपलब्ध है। इसे डाउनलोड करने के बाद दो भाषाओं का चयन करना होता है। पहली वह, जिसमें लिखा टेक्स्ट समझ में नहीं आ रहा है। दूसरी वह, जिसमें यूजर संबंधित टेक्स्ट का अनुवाद हासिल करना चाहते हैं। इस एप्लीकेशन के जरिए दुनिया भर की 103 भाषाओं में लिखे टेक्स्ट का अनुवाद करना संभव है। इंटरनेट कनेक्शन न होने पर भी इसका इस्तेमाल मुमकिन है। हालांकि ऑफलाइन मोड में यह सिर्फ 52 भाषाओं का ही अनुवाद कर सकता है।

फोटो पर लिखा टेक्स्ट ऐसे समझें
एप में दोनों भाषाएं चुन लेने के बाद डिस्प्ले पर नीचे की तरफ कैमरे का आइकन नजर आएगा। उस पर क्लिक करें। फिर ऊपर दाईं तरफ दी गई ‘गैलरी’ के आइकन पर जाएं। यहां से उस फोटो को चुनें, जिस पर लिखे शब्द समझ में नहीं आ रहे हैं। थोड़ी देर की स्कैनिंग के बाद शब्दों का अर्थ खुद ब-खुद स्क्रीन पर लिखा दिखने लगेगा। अगर आप किसी विशेष शब्द का अनुवाद करना चाहते हैं तो ‘गूगल ट्रांसलेट’ से यह भी संभव है। संबंधित शब्द पर थोड़ी देर टैप करके रखें, उसका अर्थ मालूम पड़ जाएगा। यह फीचर केवल 37 भाषाओं के लिए उपलब्ध है।

साइन बोर्ड के शब्दों का यूं जानें अर्थ
इस एप से साइन बोर्ड पर छपे शब्दों का अनुवाद भी किया जा सकता है, वो भी उसकी फोटो लिए या उस पर मौजूद टेक्स्ट को टाइप किए बगैर। इसके लिए आपको ‘इमेज ट्रांसलेशन’ फीचर का इस्तेमाल करना होगा। ‘गूगल ट्रांसलेट’ में दिए गए कैमरे के विकल्प पर क्लिक करने के बाद दोबारा कैमरा का चुनाव करना पड़ेगा। ऐसा करने से कैमरा ऑन हो जाएगा। इसके बाद आप जिस शब्द का अनुवाद करना चाहते हैं, कैमरा उसके सामने ले जाएं। चंद सेकेंड में वह खुद ब-खुद ट्रांसलेट होकर डिस्प्ले पर दिखाई देने लगेगा। ‘इमेज ट्रांसलेशन’ फीचर अभी 29 भाषाओं के अनुवाद में सक्षम है।

‘माइक्रोसॉफ्ट ट्रांसलेटर’ से वॉयस मैसेज को करें ट्रांसलेट
भाषा आपसी संवाद में रोड़ा न बने, इसके लिए यूजर गूगल प्लेस्टोर पर मुफ्त में उपलब्ध ट्रू१ङ्म२ङ्मऋ३ Translator एप की मदद ले सकते हैं। यह एप वॉयस मैसेज का मनचाही भाषा में अनुवाद हासिल करने की सुविधा देता है। यूजर चाहें तो किसी दूसरे शहर या देश में जाने से पहले वहां की भाषा को डाउनलोड करके उसका ऑफलाइन प्रयोग कर सकते हैं। फिलहाल ‘माइक्रोसॉफ्ट ट्रांसलेटर’ 50 से अधिक भाषाओं को सपोर्ट करता है, जिसमें हिंदी भी शामिल है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें