'चक्रव्यूह' में फंसे फिल्म निर्माता प्रकाश झा
बिड़ला समूह की कंपनियों ने फिल्म निर्माता प्रकाश झा की आने वाली फिल्म चक्रव्यूह के एक गाने की कुछ लाइनों पर आपत्ति व्यक्त करते हुए उन्हें कानूनी नोटिस भेजा...
बिड़ला समूह की कंपनियों ने फिल्म निर्माता प्रकाश झा की आने वाली फिल्म चक्रव्यूह के एक गाने की कुछ लाइनों पर आपत्ति व्यक्त करते हुए उन्हें कानूनी नोटिस भेजा है।
प्रकाश झा के करीबी सूत्रों के अनुसार उन्हें बिड़ला समूह की ओर से कानूनी नोटिस मिला है। सूत्रों के अनुसार झा ने कहा है कि किसी का अपमान करने का उनका इरादा कतई नहीं है। इस गाने की लाइनें हैं...बिड़ला हो या टाटा, अम्बानी हो या बाटा सबने अपने चक्कर में देश को है काटा...पर आपत्ति व्यक्त की गई है।
बिड़ला समूह ने नोटिस में कहा है कि गाने में उनके नाम का इस्तेमाल उनकी छवि को धूमिल करने के लिए किया गया है। केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड ने इस गाने को झा के इस आश्वासन के बाद हरी झंडी दी कि वह उद्योगपतियों के नाम गाने से खुद ही हटा लेंगे।
बोर्ड ने टाटा-बिड़ला या अंबानी के नाम के इस्तेमाल पर आपत्ति व्यक्त की थी। बोर्ड का मानना था कि गीत में देश के सर्वोच्च उद्योगपतियों पर निजी तौर पर प्रहार किया गया है। चक्रव्यूह 24 अक्टूबर को रिलीज होगी।