फोटो गैलरी

Hindi Newsek tera saath trailer film review

FILM REVIEW: 'एक तेरा साथ' का भूतियापा देखकर रह जाएंगे दंग

इस फिल्म से कुछ और मिले न मिले, लेकिन हॉरर फिल्मों के शब्दकोश में एक नया शब्द जुड़ने की उम्मीद जरूर जगी है। शब्द का नाम है ‘भूतिपाया’, जिसे सुन कर जोर से ठहाका मारने को दिल करता है। और ये...

FILM REVIEW: 'एक तेरा साथ' का भूतियापा देखकर रह जाएंगे दंग
लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 21 Oct 2016 04:17 PM
ऐप पर पढ़ें

इस फिल्म से कुछ और मिले न मिले, लेकिन हॉरर फिल्मों के शब्दकोश में एक नया शब्द जुड़ने की उम्मीद जरूर जगी है। शब्द का नाम है ‘भूतिपाया’, जिसे सुन कर जोर से ठहाका मारने को दिल करता है। और ये शब्द फिल्म में खुद एक भूत बोल रहा है। किसी स्थिति में बोल रहा है और किसके लिए बोल रहा है, ये खुद से महसूस करने वाली बात है। दूसरी काबिले गौर करने वाली बात ये कि फिल्म का टाइटल दो अलग-अलग तरीकों से पेश किया गया है। पहला तो आपने ऊपर पढ़ ही लिया होगा और दूसरा ये है, ‘1:13:7’ । वाह क्या क्रिएटिविटी है। 

अब जरा कहानी का मजा लीजिए, जो बिल्कुल 'रामसे ब्रदर्स' के अंदाज से शुरू होती है। राजस्थान के एक अनाम कस्बे में एक सुनसान खंडहर हो चुकी हवेली में एक प्रेमी जोड़ा रात के समय ठहरने आता है। पीछे-पीछे उनका सामान लेकर हवेली का चौकादीर भी आ रहा है। हवेली में आते ही इस प्रेमी जोड़े के साथ अजीबो-गरीब घटनाएं होने लगती हैं और फिर दोनों की मौत हो जाती है। वाह क्या ओरिजिनल सीन है! ऐसा तो पहले कभी नहीं देखा...

अब शुरू होती है असली कहानी। कुंवर आदित्य प्रताप सिंह (शरद मल्होत्रा) थोड़ा मूडी टाइप का इंसान है जो दरबार पैलेस नामक इस सुनसान हवेली में अपनी मृत पत्नी कस्तूरी/निकिता (र्हितु दुदानी) और अपने पूर्वजों की यादों के साथ रहता है। उसका चाचा नरसिंग चैम्पियन (विश्वजीत प्रधान) एक नेता है और दूसरे रजवाड़ों की तरह वह भी अपनी हवेली को पांच सितारा होटल में तब्दील कराना चाहता है। लेकिन आदित्य इसके लिए तैयार नहीं है। 

एक दिन आदित्य से मिलने उसकी दूर की दोस्त सोनाली (मैलेन नेजरिथ) आती है, जो कभी उसे मन ही मन चाहती थी। बाद में उसे पता चलता है कि कस्तूरी की मौत के बाद आदित्य शादी नहीं करना चाहता, क्योंकि कस्तूरी की आत्मा अब भी पैलेस में घूमती है। कस्तूरी की मौजूदगी का अहसास सोनाली को भी होता है। दरअसल आदित्य को एक खास मुर्हुत का इंतजार है। 

एक खास नक्षत्र में रात को 1 बजकर 13 मिनट और 7 सेंकड पर मंत्रोच्चारण के बीच आहुति देने से कस्तूरी की आत्मा हमेशा के लिए मुक्त हो जाएगी और फिर आदित्य शादी करेगा। ऐसा हो भी जाता है और आदित्य सोनाली से शादी के लिए राजी हो जाता है, लेकिन दिल्ली आ कर उसकी नजर एक युवती पर पड़ती है, जिसकी शक्ल बिल्कुल कस्तूरी जैसी है। आदित्य पशोपेश में है कि कहीं ये उसकी पत्नी कस्तूरी तो नहीं। कहीं उसका पुर्नजन्म तो नहीं हुआ है। 
जाहिर तौर पर इस बिल्कुल ‘नई’ और ‘ओरिजिनल’ कहानी को सुन कर आप उबासी लेना भी समय की बर्बादी समझेंगे। लेकिन इसका क्लाईमैक्स वाकई आपको नींद से जगाने का काम करेगा। आप ये देख कर हैरान हो जाएंगे कि एक भूत कैसे एक स्कैम से पर्दाफाश करता है और अंत में आपको इंसानों से ज्यादा भूत से सहानुभूति होगी। 

बेहद खराब अभिनय, कानफोड़ू संगीत और ट्रैशकैन से निकले आईडिया पर ऐसी फिल्म बनाने के लिए ढाई किलो का कलेजा चाहिए। सनी देओल इस फिल्म को देखते तो शायद कहते। मतलब कुंर साहब जो हैं वो दिन में भी शादी वाली शेरवानी पहने रहते हैं। शिकार वाले जूते और यहां-वहां जाने के लिए घोड़ा तो है ही। वो गरीब की मदद उसी स्टाइल में करते हैं जैसे 100 साल पहले की जाती थी। मतलब उसे अपनी सोने की चेन देकर। ये अनपचेबल सीन्स देख कर किसका मूड ठीक रहेगी, पता नहीं। शायद इसीलिए फिल्म में एक भूत के मुंह से निकलता है, आखिर ये ‘भूतियापा’ मचाने की क्या जरूरत थी? 

कलाकार: शरद मल्होत्रा, र्हितु दुदानी, मैलेन नेजरिथ, विश्वजीत प्रधान, दीपराज राणा, गार्गी पटेल, अपराजिता महाजन, अनुभव धीर  
निर्देशक-लेखक: अरशद सिद्दिकी 
निर्माता: प्रदीप के. शर्मा, आयफा स्टूडियो, वी. नेजरिथ 
संगीत : सुनील सिंह, लियाकत अजमेरी, अली-अनिरुद्ध  
गीत : ए. एम. तुराज, देविन्द्र काफिर, हुस्ना खान 
रेटिंग: 1 स्टार

देखें ट्रेलर-


 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें