फोटो गैलरी

Hindi Newsमिशन-60 के लिए पूरी ताकत झोंकेगी भाजपा

मिशन-60 के लिए पूरी ताकत झोंकेगी भाजपा

दिल्ली में चुनावी घमासान तेज होता जा रहा है। आने वाले दिनों में यह घमासान और तेज होगा। राजनीतिक दलों के बड़े धुरंधर चुनावी मैदान में मोर्चा संभालेंगे। इसके लिए भाजपा ने भी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।...

मिशन-60 के लिए पूरी ताकत झोंकेगी भाजपा
लाइव हिन्दुस्तान टीमWed, 28 Jan 2015 10:22 AM
ऐप पर पढ़ें

दिल्ली में चुनावी घमासान तेज होता जा रहा है। आने वाले दिनों में यह घमासान और तेज होगा। राजनीतिक दलों के बड़े धुरंधर चुनावी मैदान में मोर्चा संभालेंगे। इसके लिए भाजपा ने भी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। इन तैयारियों के बारे में हुई बातचीत में भाजपा प्रदेश प्रभारी प्रभात झा ने कहा भाजपा मिशन 60 के दावे के साथ मैदान में है। इस बार कांग्रेस आईसीयू में और आप मैदान से बाहर है। प्रभात झा से पंकज रोहिला से हुई बातचीत के कुछ अंश :

पहले मोदी और किरन बेदी के नाम पर चुनाव क्यों?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सर्वमान्य नेता हैं। पार्टी उनके नेतृत्व में ही चुनाव लड़ रही है। नमो की लहर 26 जनवरी की परेड में भी सबने देखी है लोग खुद स्लोगन लेकर परेड तक पहुंचे थे। जहां तक किरन बेदी की बात है दिल्ली के विकास के लिए पार्टी ने उन्हें अपना चेहरा बनाया है। इसका लाभ पार्टी को इन चुनावों में मिलेगा।

बाहर के बागियों को मैदान में उतारना कितना जोखिम भरा है?
भाजपा में किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं है। राजनीतिक तौर पर पार्टी के कार्यकर्ता को रणनीति साफ समझ आ रही है। उसे स्पष्ट हो गया है कि हम बाहर से प्रत्याशी क्यों लाएं हैं और उनको क्यों लड़ा रहे हैं। स्थिति स्पष्ट होने के बाद अब पार्टी के किसी कार्यकर्ता में गुमराह होने की स्थिति नहीं है और वह संगठन के साथ खड़े हैं।

किरन बेदी को अवसरवादी कहने के मामले में आपका क्या मानना है?
सभी जानते हैं कि आप किसी न किसी तरीके से अफवाहें उड़ाती रहती है और इस काम में वह माहिर है। इसलिए पहले जगदीश मुखी को मुख्यमंत्री बता रहे थे और अब किरन बेदी को अवसरवादी बता रहे हैं। इसके जरिए वे जनता में खुद का मजाक बना रहे हैं।

दूसरी पार्टियां बिजली-पानी को मुद्दा बना रही हैं, भाजपा की रणनीति?
आज हालत यह है कि कांग्रेस आईसीयू में है और आप पार्टी इस मुकाबले से बाहर है। वहां केवल केजरीवाल ही चुनाव लड़ रहे हैं बाकी प्रत्याशी कहीं नहीं दिख रहे हैं। 15 सालों में भी बिजली-पानी जैसी स्थितियां नहीं सुधारना दुर्भाग्यपूर्ण है। भाजपा दिल्ली को 24 घंटे सातों दिन बिजली पानी मुहैया कराएगी और रुके हुए विकास को रफ्तार देगी।

मतदान में कुछ ही दिन बचे हैं आगे की रणनीति क्या होगी
नरेंद्र मोदी के लेकर लोगों में उत्साह है। आने वाले दिनों में खुद प्रधानमंत्री रैलियों को सम्बोधित करेंगे। ऐसी 4 रैलियां तय की गई हैं और इनके माध्यम से दिल्ली की 70 विधानसभाओं जोड़ा जा रहा है। इसके अतिरिक्त 29 व 30 को पार्टी के शीर्ष नेता खुद हर विधानसभा में जाएंगे ताकि हर मतदाता तक दिल्ली के विकास का संदेश पहुंचाया जा सके।

मिशन 60 कैसे पूरा होगा?
लोकसभा के चुनावों में पार्टी ने सातों लोकसभा सीटें जीती हैं। जिन लोगों को लोकसभा चुनावों में जनता से हरा दिया है वे फिर से मैदान में हैं। जनादेश के बाद भी चुनाव मैदान में ये नेता क्यों उतर रहे हैं यह उनकी समझ से बाहर है। हमारी कोशिश 60 सीटों की होगी बाकि लोकतंत्र में जनादेश ही सही स्थिति तय करेगा। 12 आरक्षित सीटों के लिए भी पार्टी ने विशेष रणनीति तैयार की है। यह रणनीति आने वाले दिनों में पार्टी को जीत दिलाएगी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें