फोटो गैलरी

Hindi Newsआस्था की ताकत

आस्था की ताकत

यह भौतिकता का दौर है और इसमें हर मुद्दा अंतत: फायदे या नुकसान के सवाल पर टिक जाता है। आश्चर्य नहीं कि धर्म को भी इसी कसौटी पर कसा जाता है। धर्म के आलोचक उन लोगों की ओर इशारा करते हैं, जो धर्म का...

आस्था की ताकत
लाइव हिन्दुस्तान टीमSun, 22 May 2016 07:25 PM
ऐप पर पढ़ें

यह भौतिकता का दौर है और इसमें हर मुद्दा अंतत: फायदे या नुकसान के सवाल पर टिक जाता है। आश्चर्य नहीं कि धर्म को भी इसी कसौटी पर कसा जाता है। धर्म के आलोचक उन लोगों की ओर इशारा करते हैं, जो धर्म का राजनीतिक व आर्थिक फायदा उठाते हैं और धर्म के नाम पर झगड़े व हिंसा फैलाते हैं। लेकिन जिन लोगों के लिए धर्म आस्था का सवाल है, जो धर्म से कोई प्रत्यक्ष भौतिक लाभ नहीं चाहते और न उसके नाम पर किसी से लड़ना चाहते हैं, उन्हें भी धर्म से कुछ ऐसे लाभ होते हैं, जिसके बारे में वे शायद नहीं जानते। अमेरिका की हॉर्वर्ड यूनिवर्सिटी के कुछ वैज्ञानिकों ने साल 1996 से 2012 तक 75,000 अधेड़ महिलाओं के स्वास्थ्य पर नजर रखी और उनके धार्मिक रुझानों का भी अध्ययन किया। उन्होंने पाया कि इस अवधि में जो महिलाएं धार्मिक थीं, उनके दिल की बीमारी या कैंसर से मरने की आशंका धर्म से उदासीन महिलाओं के मुकाबले काफी कम थी।

ये सभी महिलाएं ईसाई थीं, इसलिए यह देखा गया कि कौन-सी महिला हफ्ते में कितनी बार चर्च की ‘सर्विस’ में हिस्सा लेती है? पता चला कि जो महिलाएं हफ्ते में एक से ज्यादा बार चर्च जाती थीं, उनके कभी चर्च न जाने वाली महिलाओं के मुकाबले दिल की बीमारी या कैंसर से मरने की आशंका 33 प्रतिशत कम थी। जो हफ्ते में एक बार चर्च जाती थीं, उनके लिए यह आंकड़ा 26 प्रतिशत था। इससे भी कम चर्च जाने वालों के लिए यह आंकड़ा 23 प्रतिशत था। कुल जमा, चर्च जाने वाली महिलाओं के दिल की बीमारी से मरने की आशंका 27 प्रतिशत और कैंसर से मरने की आशंका 21 प्रतिशत कम पाई गई। वैज्ञानिकों का यह कहना है कि धार्मिकता और सेहत के इस रिश्ते पर ज्यादा खोज की जरूरत है, ताकि यह रिश्ता ज्यादा स्पष्ट हो सके। पहले भी कई शोध यह बता चुके हैं कि धार्मिक लोग बीमारियों से बेहतर ढंग से निपटते हैं और बीमारी या ऑपरेशन के बाद जल्दी स्वस्थ होते हैं। पिछले दिनों अमेरिका की कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने पाया कि योग, ध्यान और कीर्तन से अल्जाइमर रोग के मरीजों को फायदा होता है।

इस तरह के शोध बहुत ज्यादा नहीं हुए हैं और इनसे कोई निर्णायक वैज्ञानिक निष्कर्ष नहीं निकाले गए, इसलिए हम कुछ बातों का कयास ही लगा सकते हैं। शायद धार्मिकता और सेहत के बीच इस सकारात्मक रिश्ते की एक वजह यह है कि आस्था व्यक्ति को अपने अंदर की अतिरिक्त जीवन शक्ति को सक्रिय करने में मदद करती है। धर्म पर आस्था न रखने वाला व्यक्ति यह मानता है कि जितना वह सोचता-समझता है, उतनी ही उसकी चेतना की सीमा है। धार्मिक व्यक्ति यह मानता है कि ईश्वर की असीम चेतना उसकी चेतना से जुड़ी है, इसलिए उसमें अतिरिक्त सकारात्मक ऊर्जा और आशावाद होता है। ईश्वर का स्वरूप मनुष्य करुणा, आनंद, सौंदर्य आदि गुणों के स्रोत के रूप में महसूस करता है, इसलिए इन गुणों की उपस्थिति वह अपने जीवन में लगातार महसूस करता है।

वह इसी के साथ कष्टों को भी ईश्वर की इच्छा और जीवन का अनिवार्य हिस्सा मानता है, इसलिए उनके प्रति उसका रवैया भी बहुत कटु नहीं होता। कुछ शोधकर्ताओं का यह भी अनुमान है कि धार्मिक लोग ज्यादा नियमित, अनुशासित और स्वास्थ्य के अनुकूल जीवन बिताते हैं, यह भी उनके ज्यादा स्वस्थ होने की एक वजह हो सकती है। बहरहाल, यहां यह भी जोड़ दें कि धर्म के नाम पर अपना और दूसरों का स्वास्थ्य खराब करने वाले काम भी होते हैं। धर्म के नाम पर रात-रात भर लाउडस्पीकर पर जागरण और सड़कों पर हुड़दंग से किसी की सेहत को भला क्या फायदा हो सकता है?
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें