फोटो गैलरी

Hindi Newsखबरों के कुहासे में हर कोई बेखबर

खबरों के कुहासे में हर कोई बेखबर

खबर के सारथियों को नारद का वंशज माना जाता है। सोशल मीडिया के नारद ब्रह्मा वंशज की बजाय भ्रम वंशज प्रतीत होते हैं। भौतिक विश्लेषण कहता है कि आज खबर मूलत: तीन अवस्थाओं में पाई जाती है- सॉलिड, लिक्विड...

खबरों के कुहासे में हर कोई बेखबर
लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 16 Dec 2016 01:04 AM
ऐप पर पढ़ें

खबर के सारथियों को नारद का वंशज माना जाता है। सोशल मीडिया के नारद ब्रह्मा वंशज की बजाय भ्रम वंशज प्रतीत होते हैं। भौतिक विश्लेषण कहता है कि आज खबर मूलत: तीन अवस्थाओं में पाई जाती है- सॉलिड, लिक्विड और गैस। खबर सॉलिड हो, तभी उसे ब्रेक करना संभव है, इसलिए वह ब्रेकिंग न्यूज बन जाती है। खबर जब लीक हो जाती है, तो वह लिक्विड स्वरूपा होती है। जब किसी की खबर उड़ जाती है, तो वह हवा-हवाई हो जाती है। सॉलिड, लिक्विड या गैस होना खबर के सौंदर्यीकरण करने वाले पर निर्भर करता है। यानी सॉलिड, लिक्विड या गैस रूप में दिखने वाली खबर, खबर नहीं, उसके भौतिक रूप होते हैं।

अखबार में खबरों को आपस में कोई केमिकल रिएक्शन न हो जाए, इसलिए हर तेवर की खबर के लिए अलग पेज होता है। पहले पेज पर खबरों की स्थिति कुछ वैसी ही होती है, जैसे वीआईपी के साथ फोटो खिंचवाने वालों की। हर खबर को फ्रंट पेज पर जगह चाहिए, इसलिए हर खबर की मुंडी फ्रंट पेज पर टंगी हुई और टांगें पेज 17 पर दिखाई पड़ती हैं। यदि सभी खबरों को एक साथ स्थान दिया गया, तो खबरें ऐसे पढ़ी जाएंगी- मंत्री जी ने कहा राजनीति साफ-सुथरी होनी चाहिए, विराट कोहली ने धो डाला। सभी को शिक्षा का अवसर मिलना चाहिए, शिक्षा विभाग के कंप्यूटर में वायरस घुसा।

एक जमाना था, जब मोहल्ला मौसी पर ही जिम्मेदारी थी कि किसकी खबर लेनी है और किसकी लगाई-बुझाई करनी है। आजकल मोहल्ला मौसी का कार्यभार सोशल मीडिया के कंधों पर है। जिस खबर को सोशल मीडिया की हवा लग जाए, वह हवाबाजी पर उतर आती है। डिजिटल भाषा में बोलें, तो वायरल हो जाती है। कोहरे के कारण हेलीकॉप्टर उतरने में दिक्कत आ सकती है, पर सोशल मीडिया वालों के पास न जाने कौन-सा पुष्पक विमान होता है कि वे किसी खबर को कभी भी उड़ा सकते हैं। भौतिक रूप में सौंदर्य है, मनोरंजन है, आकर्षण है- सब कुछ है, पर खबर नहीं है। तो क्या भौतिक खबरों के कुहासे में हर कोई बेखबर है?
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें