फोटो गैलरी

Hindi Newsक्या नहीं कर सकता एक मच्छर

क्या नहीं कर सकता एक मच्छर

एक मच्छर आदमी को हिजड़ा बना सकता है वाली फिल्मी डायलॉगबाजी से आगे निकलकर आज वह मच्छर छाती ठोककर कह रहा है कि बताओ, मैं क्या नहीं कर सकता? वाकई वह सिर्फ डेंगू और चिकनगुनिया ही नहीं फैला सकता, खौफ भी...

क्या नहीं कर सकता एक मच्छर
लाइव हिन्दुस्तान टीमMon, 19 Sep 2016 10:52 PM
ऐप पर पढ़ें

एक मच्छर आदमी को हिजड़ा बना सकता है वाली फिल्मी डायलॉगबाजी से आगे निकलकर आज वह मच्छर छाती ठोककर कह रहा है कि बताओ, मैं क्या नहीं कर सकता? वाकई वह सिर्फ डेंगू और चिकनगुनिया ही नहीं फैला सकता, खौफ भी फैला सकता है। छोटी-बड़ी सब सरकारों को हैरान-परेशान कर सकता है। देश की राजधानी को बीमार बना सकता है। वह गिलोय की डिमांड बढ़ा सकता है। वह पपीते के पत्तों का अकाल पैदा कर सकता है। चाहे तो बकरी के दूध को हजार रुपये लीटर बिकवा सकता है। वह इस चिकित्सकीय धारणा को तार-तार कर सकता है कि चिकनगुनिया से मौत नहीं हो सकती। मलेरिया पर जीत हासिल करनेवाले श्रीलंका जैसे छोटे से देश के सामने उस विशाल देश को शर्मसार कर सकता है, जिसका दावा है कि वह दुनिया की तेजी से विकसित होती अर्थव्यवस्था है। एक मच्छर चुटकी बजाते हुए किसी भी सरकार को जनविरोधी साबित कर सकता है।  

वह मच्छरविरोधी दवा व रसायन उद्योग को तो आगे बढ़ने का मौका देता ही है, भभूतवाले बाबाओं को भी फलने-फूलने का पूरा मौका देता है। आम आदमी को इतना कमजोर बना सकता है कि वह चारपाई से उठ भी न पाए, तो वह एलजी को इतनी ताकत दे सकता है कि वह विदेश दौरे पर गए राज्य के उप-मुख्यमंत्री को तुरंत वापस लौटने का आदेश दे डाले। दिल्ली सरकार और एलजी को आपस में लड़ाने का आरोप केंद्र सरकार पर लगाने वाले दरअसल मच्छर की भूमिका को नजरअंदाज कर रहे हैं। और तो और, यह मच्छर दो विरोधी सरकारों को साथ काम करने की सद्बुद्धि भी दे सकता है। वह सरकार पर हमला करने का विरोधियों को मौका दे सकता है। वह टीवी चैनलों के प्राइम टाइम पर भूतों का तख्तापलट कर अपना राज कायम कर सकता है। वह डेंगू और चिकनगुनिया में सालाना ऑड और ईवन वाली व्यवस्था कायम कर सकता है। मगर यह भी दिखता है कि मलेरिया से उसे आज भी उतना ही प्यार है। आखिर मलेरिया ने ही तो दुनिया को उसकी ताकत का एहसास कराया है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें