फोटो गैलरी

Hindi Newsकिसानों की आय बढ़ाने पर देंगे जोर

किसानों की आय बढ़ाने पर देंगे जोर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि सरकार ऐसी नीतियां बनाएं, जिससे किसानों की आय बढ़े। कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए मोदी ने नई प्रौद्योगिकी पर जोर देते हुए ‘प्रयोगशाला से...

किसानों की आय बढ़ाने पर देंगे जोर
लाइव हिन्दुस्तान टीमTue, 29 Jul 2014 11:20 PM
ऐप पर पढ़ें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि सरकार ऐसी नीतियां बनाएं, जिससे किसानों की आय बढ़े। कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए मोदी ने नई प्रौद्योगिकी पर जोर देते हुए ‘प्रयोगशाला से खेत’ तक का नारा दिया। उन्होंने कहा कि हमें गुणवत्ता से समझौता किए बगैर फसलों की पैदावार बढ़ाने की जरूरत है।

कम जमीन-कम समय में बढ़े उत्पादन: भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के 86वें स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री ने कहा, ‘हमें दो बातें साबित करनी होंगी। पहली हमारे किसान देश-दुनिया को खाद्यान्न मुहैया कराने में समर्थ हैं। दूसरा यह कि कृषि हमारे किसानों को पर्याप्त आय उपलब्ध करा सकती है।’ मोदी ने कम जमीन-कम समय में उत्पादन बढ़ाने के लिए वैज्ञानिक प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल पर जोर दिया। उन्होंने कहा,  ऐसा करना चुनौती भरा है। अगर शोध का काम खेतों तक नहीं पहुंचता, तो अच्छे परिणाम नहीं मिल पाएंगे।

प्रति बूंद-अधिक फसल: मोदी ने वैज्ञानिकों से कहा कि वे चीन की तरह औषधीय पौधों पर ध्यान केंद्रित करें। उन्होंने इसी संदर्भ में कहा कि हमारा ध्येय होना चाहिए, ‘प्रति बूंद-अधिक फसल’। मौसम चक्र में बदलाव के मद्देनजर उन्होंने वर्षा जल संचयन और अन्य पहलुओं के जरिये जल संरक्षण पर भी जोर दिया।

नील क्रांति का आह्वान: हरित और श्वेत क्रांति की तर्ज पर प्रधानमंत्री मोदी ने देश में मत्स्य पालन के लिए नील क्रांति का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय व्यापार की बड़ी संभावना है।

घटानी होगी आयात की निर्भरता: नरेंद्र मोदी ने खाद्य तेल और दलहन के अत्यधिक आयात पर चिंता जताई। कहा कि आयात पर निर्भरता घटाने के लिए वैज्ञानिकों को इन फसलों की उत्पादकता बढ़ाने में मदद करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है। हमारा प्रयास ऐसा होना चाहिए कि हम कृषि जिंसों के मामले में आत्मनिर्भर बनें।

मोदी के 9 सुझाव
1.  सुनिश्चित करें कि एक बूंद भी बर्बाद न हो, वरदान है पानी
2.  देश की जनता तक इस संदेश को पहुंचाने के लिए व्यवस्था बनाएं
3.  देश में जल संकट से निपटने की आवश्यकताओं पर जोर देना होगा
4.  मौसम चक्र में बदलाव के मद्देनजर जल प्रबंधन करे आईसीएआर
5.  कृषि विश्वविद्यालय अपने यहां रेडियो स्टेशन स्थापित करें
6.  प्रगतिशील किसान और कृषि शोध में लगे विद्वान मिलकर अच्छा समूह बनाएं
7.  समुद्री शैवालों के लिए व्यापक शोध और संवर्धन की जरूरत
8. आईसीएआर अगले 14 साल के दौरान ज्यादा उपलब्धि हासिल करने का प्रयास करें
9. आईसीएआर अगले चार-पांच वर्षों के दौरान देश में सभी कृषि शोधों के आंकड़ों का डिजिटलीकरण करे

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें