फोटो गैलरी

Hindi Newsलालू- नीतीश भाजपा पर भारी

लालू- नीतीश भाजपा पर भारी

तीन माह पहले लोकसभा चुनाव में उम्दा प्रदर्शन करने वाली भाजपा को चार राज्यों की 18 सीटों के विधानसभा उपचुनाव के नतीजों से सोमवार को तगड़ा झटका लगा। बिहार में लालू-नीतीश-कांग्रेस के महागठबंधन ने दस में...

लालू- नीतीश भाजपा पर भारी
लाइव हिन्दुस्तान टीमMon, 25 Aug 2014 11:17 PM
ऐप पर पढ़ें

तीन माह पहले लोकसभा चुनाव में उम्दा प्रदर्शन करने वाली भाजपा को चार राज्यों की 18 सीटों के विधानसभा उपचुनाव के नतीजों से सोमवार को तगड़ा झटका लगा। बिहार में लालू-नीतीश-कांग्रेस के महागठबंधन ने दस में से छह सीटें जीतीं, वहीं भाजपा को महज चार सीटों से संतोष करना पड़ा। कर्नाटक और मध्य प्रदेश में भाजपा को अपने दो मजबूत गढ़ कांग्रेस के हाथों गंवाने पड़े। वहीं पंजाब में मुकाबला बराबरी पर रहा।

जदयू-कांग्रेस को लाभ: बिहार की इन दस सीटों में वर्ष 2010 के चुनाव में भाजपा ने छह, राजद ने तीन और जदयू ने एक सीट जीती थी। कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला था। मगर ताजा नतीजों में भाजपा को चार, राजद को तीन, जदयू को दो और कांग्रेस को एक सीट मिली है।

भाजपा को अपनी चार पुरानी सीटें गंवानी पड़ीं और उसे दो नई सीटें हासिल हुईं। भाजपा ने अपने सहयोगी लोजपा के लिए सिर्फ एक सीट परबत्ता छोड़ी थी, वहां भी जदयू ने भारी अंतर से चुनाव जीत लिया। परबत्ता में जदयू प्रत्याशी रामानंद प्रसाद सिंह सर्वाधिक वोटों के अंतर से जीते। उन्होंने लोजपा प्रत्याशी प्रो. सुहेली मेहता को 56,990 वोटों से हराया।

नीतीश ने मोदी को घेरा: उपचुनाव में जीत से उत्साहित जदयू नेता नीतीश कुमार ने कहा, ‘मतदाताओं ने नरेंद्र मोदी सरकार के प्रति नाखुशी जताई है। भाजपा के सांप्रदायिक एजेंडे पर लगाम लगाने के लिए हम वामदलों को भी जोड़ेंगे।’

भाजपा ने किया इनकार: भाजपा ने उपचुनाव के नतीजों को मोदी सरकार के प्रदर्शन से जोड़ने को तत्काल खारिज कर दिया। भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि पार्टी के खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी राज्य के नेता स्वीकार करेंगे।

कर्नाटक, मध्य प्रदेश में झटका: कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस को उस समय ताकत मिली जब उसने तीन में से दो सीटों पर जीत दर्ज की और भाजपा से प्रतिष्ठित बेल्लारी (ग्रामीण) सीट छीन ली। भाजपा ने एक सीट जीती। मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने बाहोरीबंद सीट भाजपा से छीनी। राज्य की तीनों सीटों के उपचुनाव में दो भाजपा को मिलीं।

पंजाब में ‘आप’ की जमानत जब्त हुई: पंजाब में दो सीटों पर उपचुनाव में कांग्रेस और अकाली दल को एक-एक सीट मिली। वहीं पटियाला (शहरी) सीट पर ‘आप’ की जमानत जब्त हो गई।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें