विकास के लिए राज्य में चाहिए पूर्ण बहुमतः अमित शाह
सिद्धनाथ टॉकीज के पास सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राज्य में अल्पमत की सरकार होने की वजह से अब तक विकास की बयार नहीं बही। राज्य की...
सिद्धनाथ टॉकीज के पास सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राज्य में अल्पमत की सरकार होने की वजह से अब तक विकास की बयार नहीं बही। राज्य की दुर्गति होती गई। यदि यहां की जनता सही मायने में विकास चाहती है, तो वह बहुमत वाली सरकार बनाए।
उन्होंने कहा कि यदि भाजपा को बहुमत मिला, तो राज्य का कायाकल्प कर दिया जाएगा। शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में राज्य की जनता को तरसने नहीं दिया जाएगा। केन्द्र की मदद से राज्य में उद्योग, बिजली, सड़क , सिंचाई सहित अन्य विकास कार्यो को करने में तेजी आएगी। सभा की अध्यक्षता रामप्रवेश सिंह ने की।
शाह ने कहा कि कांग्रेस, राजद और झामुमो ने मिल कर राज्य को लूटा है। उनका अलग-अलग लडम्ना चुनावी नाटक है। चुनाव खत्म होने के बाद सब एकजुट होकर राज्य में लूट मचाएंगे। राजद सुप्रीमो पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि पांच महीने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों का हिसाब मांग रहे हैं। उन्होंने चारा खाया, उसका हिसाब तो अब नहीं दे पाए हैं।
पांच माह में देश का मान-सम्मान बढ़ा: गृह मंत्री
केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने पाटन और तरहसी में कहा कि पांच माह में केन्द्र की सरकार ने देश के मान-सम्मान और स्वाभिमान बढ़ाया है। झारखंड और जम्मू-कश्मीर में एक साथ चुनाव हो रहे हैं। दोनों राज्यों में भाजपा की बहुमत की सरकार बनेगी। झारखंड में पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिलने पर विकास की तस्वीर बनेगी। उन्होंने नक्सलियों को हिंसा छोड़ कर मुख्य धारा में लौटने को कहा।
नेताओं का रहा जोर
भाजपा की सभाएं पूरे पलामू प्रमंडल में हुईं। अमित शाह और राजनाथ सिंह के अलावा बिहार के सुशील मोदी छतरपुर और नौडीहा में तथा रामकृपाल यादव ने मनिका और बारियातू में सभा को संबोधित किया। इसके अलावा अर्जुन मुंडा अमित शाह की सभा में मौजूद थे।