फोटो गैलरी

Hindi Newsझारखंड में कौन बनेगा मुख्यमंत्री, कश्मीर में किसकी सरकार

झारखंड में कौन बनेगा मुख्यमंत्री, कश्मीर में किसकी सरकार

झारखंड और जम्मू-कश्मीर के विधानसभा चुनाव के नतीजे मंगलवार को घोषित किए गए। झारखंड में भाजपा अपने सहयोगी दल आजसू के साथ मिलकर सरकार बनाने की स्थिति में है। जम्मू-कश्मीर की जनता ने खंडित जनादेश दिया...

झारखंड में कौन बनेगा मुख्यमंत्री, कश्मीर में किसकी सरकार
एजेंसीWed, 24 Dec 2014 12:14 PM
ऐप पर पढ़ें

झारखंड और जम्मू-कश्मीर के विधानसभा चुनाव के नतीजे मंगलवार को घोषित किए गए। झारखंड में भाजपा अपने सहयोगी दल आजसू के साथ मिलकर सरकार बनाने की स्थिति में है। जम्मू-कश्मीर की जनता ने खंडित जनादेश दिया है। इसमें पीडीपी सबसे बड़े दल के रूप में उभरी है। ऐसे में यहां सरकार बनाने की कई संभावनाएं खुली हुई हैं।

महाराष्ट्र-हरियाणा में कामयाबी के बाद झारखंड की इस जीत ने भाजपा के विजय इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया है। हालांकि भाजपा घाटी के मतदाताओं को लुभाने में नाकाम रही, जहां की 50 सीटों पर पार्टी के हाथ कुछ नहीं लगा।

शाह बोले, सभी विकल्प खुले
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने दिल्ली में संवाददाताओं से कहा कि सरकार बनाने का विकल्प, सरकार को समर्थन देने का विकल्प और सरकार में शामिल होने का विकल्प, सभी खुले हैं। शाह ने बताया कि बुधवार को होने वाली संसदीय बोर्ड की बैठक में दोनों राज्यों में विकल्पों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। झारखंड में सीएम उम्मीदवार पर भी बातचीत होगी।

पीडीपी ने कहा, जल्दबाजी नहीं
पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने कहा कि हम सरकार बनाने की जल्दबाजी में नहीं हैं। हम गलत तरीके से सरकार नहीं बनाएंगे और बेहतर विकल्प तलाशेंगे। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि हम किसी भी सूरत में भाजपा के साथ नहीं जाएंगे। अगर लालू-नीतीश साथ आ सकते हैं तो पीडीपी-एनसी क्यों नहीं। कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने भी पीडीपी को समर्थन की पेशकश की।

- झारखंड में भाजपा को पूर्ण बहुमत मिला, जम्मू-कश्मीर में भी पीडीपी के बाद दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी

- वोट प्रतिशत के लिहाज से भी भाजपा दोनों राज्यों में सबसे आगे रही, झारखंड में 23% और कश्मीर में 31% वोट मिले

- झारखंड बनने के बाद पहली बार किसी पार्टी को पूर्ण बहुमत मिला, सीएम उम्मीदवार पर संसदीय बोर्ड की बैठक आज

भाजपा ने जम्मू की दो तिहाई सीटें जीतीं
घाटी में भले ही भाजपा को एक भी सीट न मिली हो लेकिन उसने जम्मू क्षेत्र की 37 में से 25 सीटें जीत लीं। जम्मू के सहारे ही वह राज्य की दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। जम्मू क्षेत्र में कांग्रेस को पांच सीटें मिलीं। जबकि नेकां और पीडीपी को तीन-तीन और ऊधमपुर की सीट निर्दलीय राजेश गुप्ता के खाते में गई। वर्ष 2008 में भाजपा ने जम्मू से 11 और कांग्रेस ने 13 सीटें जीती थीं। नेकां को छह, पीडीपी को दो और पैंथर्स पार्टी को तीन सीटें मिली थीं।

आजाद के गढ़ में जीती भाजपा
भाजपा ने चिनाब घाटी में कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद के गृह क्षेत्र में अपनी धमक दिखाई। यहां की छह में से चार सीट भाजपा ने जीती। कांग्रेस ने 2008 में यहां की पांच सीटें जीती थीं।

जम्मू-कश्मीर में 47 हजार ने दबाया नोटा
जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में 72 लाख से अधिक मतदाताओं में से 47,652 ने ईवीएम में (इनमें से कोई नहीं) यानी नोटा का बटन दबाया। कश्मीर घाटी की 46 सीटों पर 25,569 मतदाताओं ने नोटा पर बटन दबाया, वहीं जम्मू की 37 सीटों पर 20,855 उम्मीदवारों ने इस विकल्प को चुना। लद्दाख क्षेत्र के चार विधानसभा क्षेत्रों में 1,228 मतदाताओं ने किसी भी उम्मीदवार को पसंद नहीं किया।

भाजपा कोर ग्रुप ने की नतीजों की समीक्षा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने झारखंड व जम्मू-कश्मीर के चुनाव नतीजों पर पार्टी कोर ग्रुप के साथ चर्चा की है। बैठक में झारखंड के मुख्यमंत्री के नाम व जम्मू कश्मीर में सरकार के गठन के मुद्दे पर विचार किया गया। कोर ग्रुप की इस अहम बैठक में चुनाव नतीजों के अलावा भाजपा व संघ के नेताओं के बीच एक दिन पहले हुई बैठक बारे में चर्चा की गई है। बैठक में मोदी व शाह के अलावा राजनाथ सिंह, अरुण जेटली, सुषमा स्वराज, नितिन गडकरी भी मौजूद थे। सूत्रों के अनुसार नेशनल कांफ्रेंस के साथ भाजपा जिस फार्मूले पर चर्चा कर रही है, उसमें राज्य में मुख्यमंत्री भाजपा का होगा। अगले महीने खाली होने वाली राज्य की चार राज्यसभा सीटों में एक सीट भी उसे दी जाएगी।

उमर आज देंगे इस्तीफा
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला बुधवार को परंपरा के अनुसार राज्यपाल एनएन वोहरा से मुलाकात कर अपने पद से इस्तीफा सौंपेंगे। मुख्यमंत्री ने ट्विटर पर अपने इस्तीफे का संकेत देते हुए ट्वीट किया, कल राज्यपाल से मिलते ही मेरा परिचय बदल जाएगा। उमर ने लिखा, छह साल पहले मतगणना से एक रात पहले मैं बहुत नर्वस था। अजीब है कि इस बार मैं शांत हूं। जो होना है होगा। मैं खुश रहूंगा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें