पैसे की आवाजाही पर रहेगी आयकर की नजर
लोकसभा चुनाव की तरह विधानसभा चुनाव में भी पैसे के खेल पर आयकर और चुनाव आयोग की नजर रहेगी। लोकसभा चुनाव में झारखंड में 1.46 करोड़ की राशि पकड़ी गई थी। इस बार भी वैसी ही तैयारी है। मालूम हो कि लोकसभा...
लोकसभा चुनाव की तरह विधानसभा चुनाव में भी पैसे के खेल पर आयकर और चुनाव आयोग की नजर रहेगी। लोकसभा चुनाव में झारखंड में 1.46 करोड़ की राशि पकड़ी गई थी। इस बार भी वैसी ही तैयारी है। मालूम हो कि लोकसभा चुनाव में पूरे देश में जांच के दौरान लगभग 300 करोड़ की राशि पकड़ी गई थी। विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद से अब तक यहां लगभग 25 लाख रुपये पकड़े गए हैं।
पहले स्थान पर आंघ्र प्रदेश
लोकसभा चुनाव में पूरे देश में 299 करोड़ 94 लाख 30 हजार रुपये पकड़े गये थे। इसमें आंध्र प्रदेश पहले स्थान पर था। वहां लगभग 125 करोड़ की राशि बरामद की गई थी। तामिलनाडू से 40 करोड़, पंजाब से 36 करोड़ व महाराष्ट्र से 24 करोड़ मिले थे।
छह राज्यों में झारखंड पांचवे पायदान पर
झारखंड के साथ छत्तीसगढ़ व उत्तराखंड का गठन हुआ था। बिहार से झारखंड अलग हुआ है और उत्तर प्रदेश व बंगाल सीमा से सटा है। अगर इन नए व सीमावर्ती राज्यों की तुलना की जाए तो उत्तराखंड में सबसे कम नगद राशि पकड़ाई। यहां से 74.22 लाख रुपये पकड़ाए। जबकि झारखंड पांचवे स्थान पर है, यहां से 1.46 करोड़ रुपये पकड़ाए। उत्तर प्रदेश से 20.24 करोड़ रुपये, बिहार से 6.36 करोड़ रुपये, प. बंगाल से 2.90 करोड़ और छत्तीसगढ़ से 1.0076 करोड़ रुपये पकड़ाए थे।
झारखंड रहा है दागदार
चुनाव में पैसे के खेल पर नजर रखने की अधिकारिक शुरुआत 2010 में बिहार विधानसभा के समय से शुरू हुई थी। इसके बाद झारखंड में 2012 में हुए राज्य सभा चुनाव के दौरान आयकर विभाग ने 2.14 करोड़ रुपये पकड़ा था। रांची नगर निगम चुनाव से एक दिन पहले 22 लाख 66 हजार रुपये पकड़ाए थे।
आयकर विभाग ने तैयारी की
चुनाव के मद्देनजर आयकर विभाग ने तैयारी पूरी कर ली है। चुनाव के नोडल अधिकारी व अपर संयुक्त निदेशक (अनवेशण) अरविंद कुमार ने बताया कि चुनाव आयोग के दिसा निर्देश के अनुसार सारी तैयारी की गई है। जिलों में अधिकारियों को तैनात किया गया है। 24 घंटे टोल फ्री नंबर 18003456547 को शुरू किया गया है। यहां कोई भी व्यक्ति कभी भी चुनाव में रुपयों के लेन-देन की सूचना दे सकता है। रांची हवाई अड्डे पर एयर इंटेलिजेंस यूनिट की स्थापना की गई है। बैंक अधिकारी, पुलिस व अन्य संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित करने के लिए अधिकारी को तैनात किया गया है।
विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद अब तक वाहन जांच के दौरान पकड़ाई राशि:
गिरिडीह 6.00 लाख रुपये
बोकारो 12.30 लाख
डालटनगंज 2.00 लाख
लोहरदगा 1.65 लाख
दुमका 3.84 लाख
लोकसभा चुनाव में नगद पकड़ने में टॉप 10 राज्य
आंध्र प्रदेश-124
तामिलनाडू-40
पंजाब-36
महाराष्ट्र-24
कर्नाटक 20
उत्तर प्रदेश-20
बिहार-6
केरल- 5
राजस्थान- 4
अरूणाचल प्रदेश- 3
पश्चिम बंगाल- 2
(राशि लगभग में करोड़ रुपये में है)