फोटो गैलरी

Hindi Newsउत्तर भारत में शीतलहर जारी, उप्र में 76 मौतें

उत्तर भारत में शीतलहर जारी, उप्र में 76 मौतें

सोमवार को भी हाड़ कंपा देने वाली ठंड का कहर जारी रहा। ठंड के कारण अकेले उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान 76 मौतें हो चुकी हैं। देश का उत्तरी हिस्सा भयंकर शीतलहर की चपेट में है। मैदानी भागों...

उत्तर भारत में शीतलहर जारी, उप्र में 76 मौतें
एजेंसीMon, 07 Jan 2013 11:42 PM
ऐप पर पढ़ें

सोमवार को भी हाड़ कंपा देने वाली ठंड का कहर जारी रहा। ठंड के कारण अकेले उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान 76 मौतें हो चुकी हैं।

देश का उत्तरी हिस्सा भयंकर शीतलहर की चपेट में है। मैदानी भागों में कई स्थानों पर पारा शून्य से नीचे लुढ़क गया है। कई जगहों पर तापमान शून्य के करीब मंडरा रहा है।

कोहरे का सबसे ज्यादा असर रेल सेवाओं और सड़क यातायात पर पड़ा है। कई रेलगाड़ियां समय से काफी देरी से चल रही हैं, और कई को निरस्त करना पड़ा है।

कोहरे और ठंड ने लोगों को घरों में कैद कर दिया है और यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। ठंड के कारण पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे ज्यादा मौतें उत्तर प्रदेश में हुई हैं। राज्य के विभिन्न जिलों से 76 लोगों की मौत की सूचना मिली है। बिहार से भी 24 घंटों के दौरान 22 लोगों की मौत की खबर मिली है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह कड़ाके की ठंड महसूस की गई। न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री नीचे 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को तापमान पिछले पांच साल के सबसे निचले स्तर पर 1.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

कोहरे के कारण सुबह 8.30 बजे दृश्यता लगभग 500 मीटर दर्ज की गई, जबकि आद्र्रता 97 फीसदी रही। दोपहर में धूप खिलने से थोड़ी राहत मिली।

कोहरे के कारण हवाई और रेल यातायात प्रभावित हुए हैं। रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक 75 से ज्यादा रेलगाड़ियां कई घंटे की देरी से चल रही हैं, जबकि एक दर्जन से अधिक रेलगाड़ियों को रद्द कर दिया गया है। कई उड़ानों में भी देरी हुई है।

दिल्ली अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे के एक प्रवक्ता ने कहा, ''सोमवार सुबह रनवे पर दृश्यता 50 मीटर से कम हो जाने पर लो विजिबिलीटी प्रोसीजर का इस्तेमाल किया गया।''

जम्मू एवं कश्मीर में सर्द हवाओं का असर बने रहने से घाटी और लद्दाख इलाके में सोमवार को भी न्यूनतम तापमान शून्य के नीचे दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया, ''श्रीनगर में सुबह का न्यूनतम तापमान शून्य से 4.9 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। पहलगाम में शून्य से 8.2 डिग्री नीचे और गुलमर्ग में शून्य से 9.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।'' लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से 14.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। तापमान में आई गिरावट की वजह से डल झील सहित कई जलाशय जम गए हैं।

हरियाणा का नारनौल शहर सोमवार को राज्य का सबसे सर्द स्थान रहा। मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक यहां न्यूनतम तापमान शून्य से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे और हिसार में तापमान शून्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। भिवानी में तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस और राजधानी चंडीगढ़ में 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पंजाब के अमृतसर में तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस, जबकि पटियाला और लुधियाना में क्रमश: 2.4 डिग्री और 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के कुछ हिस्सों में आने वाले दो दिनों में कोहरा छाया रहेगा और मौसम शुष्क व ठंडा बना रहेगा।

उत्तर प्रदेश में तापमान में लगातार गिरावट और शीतलहर ने लोगों का जीना दूभर कर दिया है। पिछले 24 घंटे के दौरान ठंड की वजह से अलग-अलग जिलों में 76 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, अवध एवं कानपुर क्षेत्र में 17-17, पूर्वाचल में 24, मुरादाबाद में नौ, इलाहाबाद में पांच और मेरठ में चार लोगों की मौत ठंड की वजह से हो गई।

उत्तर प्रदेश मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार सुबह राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान लगभग चार डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मुजफ्फरनगर, सूबे का सबसे सर्द इलाका रहा, जहां का न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके बाद आगरा का न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बहराइच का न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस, गोंडा का 4.2 डिग्री सेल्सियस, सुल्तानपुर का 4.5 डिग्री सेल्सियस, रायबरेली का चार डिग्री सेल्सियस और फैजाबाद का 4.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वाराणसी का न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री, कानपुर का 3.8 डिग्री, गोरखपुर का 3.1 डिग्री और झांसी का 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बिहार में सर्द हवाओं ने ठंड बढ़ी दी है। सर्दी से यहां बीते 24 घंटों में 22 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। मृतकों में कैमूर जिले के छह, नालंदा के सात, सारण के चार, वैशाली और शेखपुरा के दो-दो तथा बेगूसराय का एक व्यक्ति शामिल है।

पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार सोमवार को गया सर्वाधिक ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी पटना में 6.1 डिग्री, पूर्णिया और भागलपुर में न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इधर, कड़ाके की ठंड को देखते हुए राज्य सरकार ने प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों को बुधवार तक बंद रखे जाने का निर्देश दिया है। राज्य के शिक्षा विभाग के सचिव अमरजीत सिन्हा ने कहा है कि बुधवार को मौसम का रुख देखने के बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा।

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें