फोटो गैलरी

Hindi Newsलू से मरने वालों की संख्या हुई 300 के पार

लू से मरने वालों की संख्या हुई 300 के पार

देशभर में बेरहम गर्मी का दौर जारी है। मैदानी इलाकों में रविवार को भी गर्म हवा और चिलचिलाती धूप से लोग बेहाल रहे। आलम यह है कि देश के मशहूर हिल स्टेशन मसूरी में भी पारा 36 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच...

लू से मरने वालों की संख्या हुई 300 के पार
लाइव हिन्दुस्तान टीमSun, 24 May 2015 06:43 PM
ऐप पर पढ़ें

देशभर में बेरहम गर्मी का दौर जारी है। मैदानी इलाकों में रविवार को भी गर्म हवा और चिलचिलाती धूप से लोग बेहाल रहे। आलम यह है कि देश के मशहूर हिल स्टेशन मसूरी में भी पारा 36 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। वहीं आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में लू से मरने वालों की संख्या बढ़कर 300 के पार पहुंच गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और मध्य प्रदेश में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 2-3 डिग्री ऊपर बना हुआ है। आंध्र के विजयवाड़ा ने में अधिकतम तापमान 47.3 डिग्री दर्ज किया गया, जो देश में सर्वाधिक है। तेलंगाना के खम्मम जिले में 1947 के बाद सबसे अधिक 48 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में गर्मी और लू से मरने वालों में ज्यादातर गरीब मजदूर तथा बुजुर्ग हैं। तेलंगाना में लू लगने से रविवार को 42 लोगों की मौत हो गई। इनमें करीमनगर जिले में सबसे अधिक 15 लोगों के मरने की सूचना है। आंध्र में करीब 60 लोगों की मौते हुई है। इस तरह मृतकों की संख्या 335 पार कर चुकी है। शनिवार को दोनों राज्यों में मृतकों की संख्या 223 थी। 

कर्फ्यू जैसे हालात:  तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में कई स्थानों पर तापमान सामान्य से तीन से सात डिग्री अधिक दर्ज किया गया है। हैदराबाद के अलावा कई शहरों में गर्मी के कारण कर्फ्यू जैसे हालात हो गए हैं। यहां की सड़कें तथा बाजार खाली पड़े हैं। प्रचंड गर्मी से बचने के लिए लोग घरों में रह रहे हैं।

पहाड़ों में छूटे पसीने
गर्मी और लू का असर पहाड़ी इलाकों तक पहुंच गया है। इन क्षेत्रों में भी लोगों को उमस-पसीना बुरी तरह परेशान कर रहा है। समुद्र तट से 6,580 फुट ऊपर स्थित मसूरी का तापमान शनिवार को 36 डिग्री रहा। मौसम विभाग के मुताबिक पहाड़ी इलाकों में आने वाले तीन दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। लेकिन इससे ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।


पहाड़ों में चढ़ा पारा


स्थाना            तापमान(डिग्री सेल्सियस)
ऊना(हिमाचल)        43
देहरादून            41
हलद्वानी               42
नैनीताल            34
शिमला            28.1
मनाली            37.6



मैदान में पारा से बढ़ी मुसीबत
स्थान             तापमान   
लखनऊ            46
पटना             44.3       
रांची            45
हैदराबाद            42
विजयवाड़ा            47.3
जयपुर             43.8
कोटा             45.5



घाटी में बर्फबारी देगी राहत
जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ गुफा मंदिर समेत कश्मीर घाटी के ऊपरी हिस्सों में रविवार को फिर हिमपात हुआ जबकि भारी बारिश के कारण विश्व प्रसिद्ध स्कीइंग स्थल गुलमर्ग में गंडोला केबल कार के दूसरे चरण को रोक दिया गया है। सोनमार्ग के चारों तरफ सभी चोटियां बर्फ की चादर से ढक गई हैं। दो जुलाई से शुरू होने वाली अमरनाथ यात्रा के आधार शिविर बालटाल और उसके आसपास हिमपात हुआ है। शेषनाग, महागुंस, पिस्सो टॉप तथा पंजटेरनी भी बर्फ गिरने की खबरें है। पहलगाम में भी पिछले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश हुई है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें