फोटो गैलरी

Hindi Newsआगरा में चुनाव के बाद खूनी संघर्ष, 12 घायल

आगरा में चुनाव के बाद खूनी संघर्ष, 12 घायल

सिकंदरा के गांव पनवारी में गुरुवार रात भाजपा प्रत्याशी चौ. बाबूलाल और सपा नेता ओपी नौहवार के परिवार के बीच खूनी जंग छिड़ गई। चुनावी रंजिश के चलते दोनों परिवार के लोग आपस में भिड़ गए। जमकर लाठी-डंडे...

आगरा में चुनाव के बाद खूनी संघर्ष, 12 घायल
लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 25 Apr 2014 10:57 AM
ऐप पर पढ़ें

सिकंदरा के गांव पनवारी में गुरुवार रात भाजपा प्रत्याशी चौ. बाबूलाल और सपा नेता ओपी नौहवार के परिवार के बीच खूनी जंग छिड़ गई। चुनावी रंजिश के चलते दोनों परिवार के लोग आपस में भिड़ गए। जमकर लाठी-डंडे चले और फायरिंग हुई।

इसमें दोनों ही तरफ से लगभग 12 लोग घायल हुए हैं। सभी को अलग-अलग निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। सूचना पर थाना सिकंदरा पुलिस ने गांव में पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली है। गांव में तनाव की स्थिति है। दोनों ही परिवार एक दूसरे पर हमला करने का आरोप लगा रहे हैं।

गांव पनवारी के रहने वाले पूर्व मंत्री एवं लोकसभा फतेहपुरसीकरी सीट से लोकसभा प्रत्याशी बाबूलाल और इसी गांव के रहने वाले सपा नेता ओपी नौहवार के परिवार के बीच चुनावी रंजिश चली आ रही है। ओपी नौहवार ने हाल ही में समाजवादी पार्टी ज्वाइन की है।

गुरुवार को जिले में आगरा और सीकरी सीट के लिए मतदान था। इस रंजिश में खूनी जंग होने की पटकथा दोपहर में ही लिख गई थी। मतदान के दौरान गुरुवार दोपहर को दोनों तरह के समर्थक आमने-सामने आ गए थे और एक दूसरे पर फर्जी मतदान करवाने का आरोप लगाया गया।

बताया जाता है कि इस दौरान दोनों पक्षों में धक्का मुक्की और मारपीट भी हुई थी। हालांकि पुलिस की सख्ती के चलते दोनों ही पक्ष के लोग वहां से भाग निकले थे। इसके बाद रात तकरीबन 10 बजे अचानक दोनों पक्षों में भिड़ंत हो गई।

दोनों तरफ से जमकर लाठी-डंडे चले, पथराव और फायरिंग हुई। इसमें भाजपा प्रत्याशी चौ. बाबूलाल के भाई महाराज सिंह सरपंच पुत्र रघुनाथ सिंह, महावीर सिंह पुत्र रघुनाथ सिंह, इनके बेटे मनीष चौधरी और बहादुर सिंह बुरी तरह घायल हुए हैं। सभी को रेनबो हॉस्पिटल भर्ती कराया गया है।

उधर, सपा नेता के परिवार में सपा नेता के भाई सत्यवीर, महेंद्र सिंह, नेत्रपाल, योगेंद्र, मन्नू देवी, विष्णु आदि लोग घायल हुए हैं। इन्हें देहली गेट स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, सूचना पर थाना सिकंदरा पुलिस गांव में पहुंच गई।

ग्रामीणों से घटना के बारे में पूछताछ की। देर रात तक गांव में तनाव के हालात थे। फिलहाल, गांव में फोर्स तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने हॉस्पिटल जाकर घायलों से पूछताछ की भी कोशिश की।

देर रात हॉस्पिटल पहुंचे सपा और भाजपा नेता
घटना के बाद से भाजपा और सपा के बीच में गुस्सा भड़क रहा है। जानकारी पर कैबिनेट मंत्री राजा अरिदमन सिंह कई पदाधिकारियों के साथ सपा नेता के परिजनों का हाल जानने के लिए रात में ही हॉस्पिटल पहुंच गए। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी पर गुंडई करने का आरोप लगाया। उधर, चौ. बाबूलाल के परिजनों को देखने के लिए भी कई भाजपा पदाधिकारी रात में ही अस्पताल पहुंच गए थे। भाजपा प्रत्याशी ने सपा पर आरोप लगाए।

मेरे भाई सत्यवीर पुत्र महेंद्र सिंह घर में खाना खा रहे थे। तभी पूर्व मंत्री के परिजनों ने उनके घर आकर हमला बोल दिया। उनके परिवार के लोगों से बुरी तरह मारपीट की है।
- ओपी नौहवार, सपा नेता।

सत्ता की हनक में सपा नेता खुली गुंडई कर रहे हैं। सपा नेता ओपी नौहवार द्वारा उनके परिवार पर हमला बोला गया है, न कि वे लोग उनके घर गए थे। जान से मारने की नीयत से यह किया गया।
- चौ. रामेश्वर सिंह, भाजपा प्रत्याशी के पुत्र।

आपस में दोनों परिवार के बीच रंजिशन झगडम हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। घायलों के बयान दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- समीर सौरभ, एएसपी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें