बुधवार, 19 जून, 2013 | 05:22 | IST
  RSS |    Site Image Loading Image Loading
 
बाल ठाकरे ने आडवाणी पर साधा निशाना
मुम्बई, एजेंसी
First Published:07-08-12 01:47 PM
 ई-मेल Image Loadingप्रिंट  टिप्पणियॉ: (0) अ+ अ-
शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे ने 2014 के आम चुनाव में किसी गैर कांग्रेसी व गैर राजग सरकार के सत्ता में आने संबंधी अनुमान जाहिर करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता लालकृष्ण आडवाणी की मंगलवार को आलोचना की है।

ठाकरे ने कहा है कि यह तो मैदान में उतरने से पहले ही हार मान लेने जैसा है। इसके साथ ही ठाकरे ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से कहा है कि वह अपना मन छोटा न करे।

ठाकरे ने पार्टी मुखपत्र सामना के सम्पादकीय में कहा है कि यदि आडवाणी को कोई संदेह है, तो वह मेरे पास (ठाकरे के मुम्बई स्थित निवास मातोश्री) आ सकते हैं और मैं उन्हें नैतिकता व शक्ति की एक घुट्टी दूंगा।

ठाकरे की यह टिप्पणी आडवाणी के ताजा ब्लॉग के बाद आई है, जिसमें उन्होंने अगले आम चुनाव में किसी गैर कांग्रेस, गैर राजग सरकार के सत्ता में आने का अनुमान व्यक्त किया था।

ठाकरे ने कहा कि अगला प्रधानमंत्री राजग से होना चाहिए और यह निर्णय चुनाव बाद लिया जा सकता है। उन्होंने कहा है कि मुक्केबाजी के अखाड़े में उतरने से पहले ही हार मान लेने का कोई औचित्य नहीं है।

ठाकरे ने कहा है कि मित्रों, दिल छोटा मत करो। इस तरह के निराशाजनक अनुमान व्यक्त करने और हमारे कार्यकर्ताओं का मनोबल गिराने की कोई आवश्यकता नहीं है।

ठाकरे ने कहा कि यह (आडवाणी का अनुमान) ठीक उसी तरह है जैसे कोई जनरल युद्ध से पहले कह रहा हो कि परिणाम की कोई गारंटी नहीं है, और पूरी सेना का मनोबल तोड़ रहा हो। ठाकरे ने राजग से कहा कि मन छोटा न करें और नए उत्साह के साथ आम चुनाव की तैयारी करें।

ठाकरे को भरोसा है कि राजग सबसे बड़े दल के रूप में उभरेगा और केंद्र में सत्ता हासिल करने के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा), तृणमूल कांग्रेस, नवीन पटनायक और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) जैसी पार्टियों का समर्थन हासिल करेगा।

ठाकरे ने संकेत किया है कि आडवाणी के ये विचार सम्भवत: राजग में प्रधानमंत्री पद के दो दावेदारों (बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी) के लिहाज से बने हों। ठाकरे ने कहा कि इस मुद्दे को चुनाव बाद सुलझाया जा सकता है।

ठाकरे ने कहा कि इन वर्षों के दौरान आडवाणी भी प्रधानमंत्री पद के दावेदार रहे हैं और यदि सहमति बनी तो उनकी इच्छा भी पूरी की जा सकती है।

ठाकरे ने यह भी कहा कि अपने बयान के जरिए आडवाणी, नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी की प्रधानमंत्री पद की महत्वाकांक्षा की आग में घी का ही काम करेंगे।

 
 Image Loadingई-मेल Image Loadingप्रिंट  टिप्पणियॉ: (0) अ+ अ- share  स्टोरी का मूल्याकंन
 
 
टिप्पणियाँ
 

लाइवहिन्दुस्तान पर अन्य ख़बरें

आज का मौसम राशिफल
अपना शहर चुने  
आंशिक बादलसूर्यादय
सूर्यास्त
नमी
 : 05:22 AM
 : 07:19 PM
 : 53 %
अधिकतम
तापमान
33°
.
|
न्यूनतम
तापमान
28°