फोटो गैलरी

Hindi Newsछह कत्ल से दहला मेरठ

छह कत्ल से दहला मेरठ

गणतंत्र दिवस के मौके पर एक महिला, पुरुष और चार बच्चों समेत कुल छह लोगों की निर्मम तरीके से चाकूओं से गोदकर की गई हत्या से मेरठ दहल उठा। पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। लोगों में दहशत व्याप्त हो गई। पहले...

छह कत्ल से दहला मेरठ
लाइव हिन्दुस्तान टीमMon, 26 Jan 2015 09:05 PM
ऐप पर पढ़ें

गणतंत्र दिवस के मौके पर एक महिला, पुरुष और चार बच्चों समेत कुल छह लोगों की निर्मम तरीके से चाकूओं से गोदकर की गई हत्या से मेरठ दहल उठा। पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। लोगों में दहशत व्याप्त हो गई। पहले चौहरे और फिर महिला और पुरुष के मिले शव के बाद पुलिस में खलबली मच गई। आईजी अौर एसएसपी, डीआईजी मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी ली और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए। घटना के खुलासे के लिए एसएसपी ने पुलिस की चार टीमों को गठन किया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही छह लोगों के कत्ल की घटना में शामिल हत्यारों की गिरफ्तारी करते हुए घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।

सोमवार सुबह पूरा शहर गणतंत्र दिवस के उल्लास में डूबा हुआ था। पुलिस लाइन में परेड व गणतंत्र दिवस समारोह चल रहा था। इसी बीच करीब 11 बजे पुलिस को लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के सुहेल गार्डन में एक मकान में चौहरे हत्याकांड की सूचना मिली। इससे पुलिस में खलबली मच गई। पुलिस लाइन से ही पुलिस अधिकारी व कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ भारत-तिब्बत सीमा पुलिस फोर्स भी मौके पर बुलवा लिया। घटना स्थल पर हजारों लोगों की भीड़ जमा हो गई। पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। महिलाओं, बच्चों और लोगो में दहशत व्याप्त हो गई। सात थानों के प्रभारी मय फोर्स के मौके पर आ गए।

पुलिस ने फखरूद्दीन के मकान से एक युवती ( करीब 19 वर्ष), तीन अन्य बच्चों (दो लड़के और एक लड़की) का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। यहां सीअो कोतवाली रुपेश सिहं, सीअो वंदना मिश्रा ने जांच-पड़ताल की और थाना प्रभारी लिसाड़ी गेट, कोतवाली, ब्रहापुरी, नौचंदी थानों के प्रभारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इन शवों की शिनाख्त अौर हत्या की वजह खोजने में पुलिस जुटी ही थी कि इसी बीच परतापुर थाना क्षेत्र में दोहरे हत्याकांड की सूचना मिली।

पुलिस मौके पर पहुंची तो बिजली बंबा बाईपास पर जुर्रानपुर गुर्जर चौक पर एक महिला और एक पुरुष का शव मिला। इन्हें भी चाकूओं से गोदकर मारा गया था। बच्चों की हत्या गले रेतकर की गई थी। यहां मौके पर आईजी आलोक शर्मा, एसएसपी ओंकार सिंह पहुंच गए थे। उन्होंने घटना के बारे में जानकारी ली अौर छह हत्या की घटना के खुलासे को लेकर पुलिस की चार टीमों का गठन कर दिया। पुलिस ने यह तो निष्कर्ष निकाल लिया कि छहों कत्ल की घटना एक ही है। शाम को एसएसपी ने बताया कि मरने वालों में रुखसाना पत्नी नावेद और उसके चार बच्चे रिमसा, सोहाली, जूली और गूंगी है। जिस युवक की लाश मिली है, उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है।

पुलिस के मुताबिक सभी के कातिल एक है। पुलिस मानकर चल रही है कि हत्या किसी रंजिश अथवा प्रेम संबंधों में हुई है। मौके पर फिंगर प्रिंट अौर डॉग स्कवायड़ बुलवाकर जांच की गई। दोनो स्थानों हत्या में प्रयुक्त की गई छुरी बरामद हुई।

 

इस तरह जुड़ी छहों कत्ल की चेन

लिसाड़ी गेट थाना पुलिस को जिस मकान में चार बच्चों के शव मिले थे। उसमें निर्माण करा रहे शानू ने बताया था कि परसों एक महिला अपने पांच बच्चों के साथ उसके मकान पर आई थी और दो दिन के लिए कमरा मांगा था। महिला ने बताया था कि चाचा साथ आएंगे और वह रहेंगे। दो दिन बाद वह कहीं मकान ले लेगे और चले जाएंगे। बताया कि कल शाम पांच बजे उसने महिला और बच्चों को मकान खाली करने को कह दिया था। आज सुबह सूचना मिली कि मकान में कुत्ते घुसे है अौर चार शव पड़े है। वह आया तो देखा कि वह महिला गायब है जो बच्चों के साथ आई थी। एसओ लिसाड़ी गेट रवेंद्र यादव ने उसे हिरासत में ले लिया था। जैसे ही परतापुर थाना क्षेत्र में दोहरे हत्याकांड की सूचना मिली तो एसओ लिसाड़ी गेट रवेंद्र यादव और इंस्पेक्टर ब्रहापुरी ब्रजमोहन यादव शानू को लेकर मौके पर पहुंच गए। शानू ने महिला को पहचान लिया और बताया कि वहीं बच्चों को लेकर मकान में रहने आई थी। अब पुलिस जांच कर रही है कि मृतक पुरुष कौन है।

 

...तो छहों की हत्या एक ही स्थान पर की गई

पुलिस की माने तो सभी छहों की हत्या एक ही स्थान पर की गई। बाद में महिला और पुरुष का शव करीब सुहेल गार्डन से करीब दो किलोमीटर दूर फेंका गया। पुलिस यह तो तय मान रही है कि मृतका के ही चारों बच्चे है। अब मृतक कौन है और वह कैसे मारा गया। यहां जांच का विषय है। संभावना तो यह भी जताई जा रही है कि छहों की हत्या करने से पहले उन्हें कुछ नशीला पदार्थ दिया। क्योंकि दोनों ही घटनास्थलों पर ऐसा नहीं लग रहा कि मर्डर के दौरान कोई विरोध हुआ।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें