फोटो गैलरी

Hindi Newsफडणवीस कैबिनेट का विस्तार, शिवसेना हुई शामिल

फडणवीस कैबिनेट का विस्तार, शिवसेना हुई शामिल

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने कैबिनेट के पहले विस्तार में शिवसेना और अपनी पार्टी के 20 विधायकों को शामिल किया है। इनमें 10 कैबिनेट स्तर के हैं। फडणवीस ने शिवसेना के पांच...

फडणवीस कैबिनेट का विस्तार, शिवसेना हुई शामिल
लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 05 Dec 2014 07:45 PM
ऐप पर पढ़ें

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने कैबिनेट के पहले विस्तार में शिवसेना और अपनी पार्टी के 20 विधायकों को शामिल किया है। इनमें 10 कैबिनेट स्तर के हैं।

फडणवीस ने शिवसेना के पांच विधायकों को कैबिनेट और पांच विधायकों को राज्यमंत्री के रूप में अपने मंत्रिमंडल में जगह दी है। इसके अलावा उन्होंने अपनी पार्टी भाजपा के भी पांच विधायकों को कैबिनेट और पांच विधायकों को राज्यमंत्री के रूप में शामिल किया है। कैबिनेट मंत्री के रूप में शुक्रवार को राजभवन के प्रांगण में भाजपा के गिरीश वापट, गिरीश महाजन, चंद्रशेखर वामनकुले, बबन लोंणेकर और राजकुमार बडोले तथा शिवसेना के सुभाष राजाराम देसाई, दिवाकर नारायण रावते, रामदास कदम, एकनाथ शिंदे और डॉ. दीपक रामचंद्र सावंत को राज्यपाल विद्यासागर राव ने शपथ दिलाई।

इसके अलावा राव ने भाजपा के रामशंकर शिंदे, विजय देशमुख, राजे अंबरीश आत्राम, डॉ. रणजीत विट्ठलराव पाटिल, प्रवीण रामचंद्र पोटे पाटिल को राज्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई। शिवसेना के रवीन्द्र दत्ताराम वायकर, दीपक वंत केसरकर, संजय मुलीचंद राठौडम् और विजय सोपानराव शिवतरे को भी राज्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई।

फडणवीस ने शिवसेना को सरकार में शामिल करने के लिए पांच कैबिनेट और सात राज्यमंत्री पद देने का वादा किया था। इसमें से पांच कैबिनेट और पांच राज्यमंत्रियों को उन्होंने अपनी सरकार में जगह दी है। शेष दो राज्यमंत्रियों को अगले विस्तार में जगह दी जाएगी। शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल विद्यासागर राव और मुख्यमंत्री फडणवीस के अलावा शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे तथा दोनों पार्टियों के सभी विधायक उपस्थित थे। समारोह में विपक्षी दलों के नेता उपस्थित नहीं थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें