फोटो गैलरी

Hindi Newsफोर्टिस हॉस्पिटल ने महिला के पेट में छोड़ा कपड़ा

फोर्टिस हॉस्पिटल ने महिला के पेट में छोड़ा कपड़ा

निजी अस्पताल ने प्रसव के समय महिला के पेट में गॉज (जालीदार कपड़ा) छोड़ दिया। जिसकी वजह से उसे लगातार दर्द बना हुआ था। जांच के बाद पता चला कि प्रसव की सजर्री के समय से ही गॉज पेट में था, छह महीने से...

फोर्टिस हॉस्पिटल ने महिला के पेट में छोड़ा कपड़ा
लाइव हिन्दुस्तान टीमSun, 06 Jul 2014 09:49 PM
ऐप पर पढ़ें

निजी अस्पताल ने प्रसव के समय महिला के पेट में गॉज (जालीदार कपड़ा) छोड़ दिया। जिसकी वजह से उसे लगातार दर्द बना हुआ था। जांच के बाद पता चला कि प्रसव की सजर्री के समय से ही गॉज पेट में था, छह महीने से अधिक समय तक गॉज के पेट में पड़े रहने की वजह से संक्रमण के साथ ही आंतों में छेद भी हो गया है।

मामला नोएडा के फोर्टिस अस्पताल का है। देर रात साकेत थाने में इसी संदर्भ में शिकायत दर्ज की गई, जिसके आधार पर पुलिस ने पति का बयान दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
 
प्राप्त जानकारी के अनुसार नम्रता भार्गव को 22 दिसंबर वर्ष 2013 को नोएडा के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां 23 दिसंबर को सी सेक्शन के जरिए महिला ने बच्चे को जन्म दिया। 26 दिसंबर को अस्पताल से घर वापस आने के बाद से महिला को लगातार पेट में दर्द होता रहा, इस बावत अस्पताल के डॉक्टर से संपर्क करने पर कहा गया कि सर्जरी से शिशु हुआ है, इसलिए कुछ दिन तकलीफ बनी रहेगी। जून महीने में जब दर्द अधिक होने लगा तो पति अमूल भार्गव ने नम्रता को मैक्स साकेत में दिखाया, जहां अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन जांच से पता चला कि पेट में कुछ बाहरी चीज है जिससे लगातार आंतों में संक्रमण बढ़ता जा रहा है।

28 जून को सर्जरी कर महिला के पेट से गॉज निकाला गया। चिकित्सकों के अनुसार लंबे समय से पेट में गॉज बने रहने के कारण आंतों में छेद हो गया है। नम्रता के पति अमूल ने बताया कि अस्पताल की लापरवाही की वजह से नवजात शिशु मां से दूर है, जबकि मामला संज्ञान में आने के बाद भी अस्पताल प्रशासान ने पीड़ित पक्ष की नहीं सुनी। फिलहाल नम्रता का बीते दस दिन से मैक्स साकेत में इलाज चल रहा है। मामले पर देर रात साकेत पुलिस थाने में अस्पताल की लापरवाही के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

वहीं दूसरी तरफ फोर्टिस नोएडा प्रशासन की तरफ से जारी बयान के अनुसार पूरे  मामले की जांच के लिए कमेटी का गठन कर दिया गया है। अस्पताल ने जांच के बाद दोषी पाए गए डॉक्टरों पर कार्रवाई की बात कही है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें