फोटो गैलरी

Hindi Newsगुजरात में मोदी की हैट्रिक, हिमाचल में कांग्रेस को बहुमत

गुजरात में मोदी की हैट्रिक, हिमाचल में कांग्रेस को बहुमत

गुजरात विधानसभा चुनाव में मतगणना के ताजा रुझानों के बाद सत्तारूढ़ भाजपा लगातार तीसरी बार सत्ता में काबिज होती दिख रही है, जबकि हिमाचल प्रदेश भाजपा के हाथ से निकलता दिखाई पड़ रहा है। ...

गुजरात में मोदी की हैट्रिक, हिमाचल में कांग्रेस को बहुमत
एजेंसीThu, 20 Dec 2012 11:44 AM
ऐप पर पढ़ें

गुजरात विधानसभा चुनाव में मतगणना के ताजा रुझानों के बाद सत्तारूढ़ भाजपा लगातार तीसरी बार सत्ता में काबिज होती दिख रही है, जबकि हिमाचल प्रदेश भाजपा के हाथ से निकलता दिखाई पड़ रहा है। 
   
आधिकारिक रुझानों के मुताबिक, गुजरात में मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी हैट्रिक बनाते नजर आ रहे हैं, जबकि प्रदेश में सत्ता हासिल करने की कांग्रेस की कोशिश सफल नहीं होती दिख रही है।
    
चुनाव आयोग के मुताबिक, गुजरात विधानसभा चुनाव की मतगणना के अब तक प्राप्त 181 सीटों के रुझान के अनुसार भाजपा 116, कांग्रेस 61, राकांपा एक और अन्य तीन पर आगे हैं। हिमाचल प्रदेश में 63 सीटों के प्राप्त रुझानो में सत्तारूढ भाजपा को 23 सीटों पर और कांग्रेस को 36 और अन्य चार सीटों पर आगे चल रहे हैं।
    
गुजरात की 182 सीटों और हिमाचल प्रदेश के 68 सीटों के लिए हुए चुनाव के मतो की गिनती आज सुबह आठ बजे कडी सुरक्षा के बीच शुरू हुई।
    
गुजरात में कांग्रेस और भाजपा के बीच मुख्य मुकाबला है, जबकि केशुभाई पटेल की पार्टी ने इसे त्रिकोणीय बनाने का प्रयास किया है। भाजपा ने सभी 182 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किये हैं, जबकि कांग्रेस ने 176 सीटों पर अपने उम्मीदवार खडे किये हैं। गुजरात में दो चरणों में मतदान हुए जिसमें पहले चरण में 70.75 प्रतिशत और दूसरे चरण में 70.2 प्रतिशत मतदान हुआ।
    
राज्य में दो चरणों में 13 और 17 दिसंबर को चुनाव हुआ था। पहले चरण में 87 और दूसरे चरण में 95 सीटों के लिये मतदान हुआ था।
    
एक्जिट पोल में तीसरी बार मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी के सत्ता में आने की संभावना व्यक्त किये जाने से उत्साहित भाजपा समर्थक सुबह से ही मतगणना केन्द्रों के आसपास जुटे हुए हैं और फूल मालायें लेकर जीत का जश्न मनाने की तैयारी शुरू कर दी है। विधानसभा में भाजपा के अभी 117 सदस्य हैं।
    
आज जिन प्रमुख उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होना है उनमें मुख्यमंत्री मोदी के अलावा भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं स्वास्थ्य मंत्री जयनारायण व्यास, उद्योग राज्य मंत्री सौरभ पटेल और पूर्व गृह राज्य मंत्री अमित शाह, कांग्रेस से पूर्व मुख्यमंत्री शंकरसिंह वाघेला, उनके बेटे महेंद्र वाघेला और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धार्थ पटेल और अर्जुन मोढवाडिया, गुजरात परिवर्तन पार्टी (जीपीपी) के अध्यक्ष केशुभाई पटेल शामिल हैं।
    
गुजरात विधानसभा चुनाव की मतगणना के पहले चरण में मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी मणिनगर विधानसभा क्षेत्र से आगे चल रहे हैं। मतगणना के पहले चरण में मोदी कांग्रेस की उम्मीदवार और अपनी प्रतिद्वंद्वी श्वेता भट्ट से काफी आगे हैं।
    
राज्य निर्वाचन कार्यालय के सूत्रों के अनुसार मोदी को पहले चरण में 8,780 वोट मिले हैं वहीं श्वेता के खाते में 1,015 वोट आये हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अर्जुन मोधवाडिया पोरबंदर में भाजपा के अपने प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार से पीछे चल रहे हैं, जबकि गुजरात परिवर्तन पार्टी के महासचिव गोरधन जडाफिया भी भाजपा उम्मीदवार से पीछे हैं।
   
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव की 68 सीटों के लिए इस बार 459 उम्मीदवारों का भाग्य दांव पर लगा है, जिसमें 34 महिला प्रत्याशी हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें