फोटो गैलरी

Hindi Newsपंजाब में कड़ी सुरक्षा, पुलिस ने किया फ्लैग मार्च

पंजाब में कड़ी सुरक्षा, पुलिस ने किया फ्लैग मार्च

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के दोषी बलवंत सिंह राजोआना को मत्युदंड दिये जाने के मामले में हिंसा की आशंका के चलते पंजाब पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने मंगलवार को कई स्थानों पर फ्लैग...

पंजाब में कड़ी सुरक्षा, पुलिस ने किया फ्लैग मार्च
एजेंसीTue, 27 Mar 2012 02:11 PM
ऐप पर पढ़ें

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के दोषी बलवंत सिंह राजोआना को मत्युदंड दिये जाने के मामले में हिंसा की आशंका के चलते पंजाब पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने मंगलवार को कई स्थानों पर फ्लैग मार्च किया।
   
सुरक्षा बल नागरिकों के बीच विश्वास की भावना बनाये रखने के लिए मोगा, जालंधर और लुधियाना समेत प्रदेश के अनेक स्थानों पर लगातार फ्लैग मार्च कर रहे हैं। पंजाब के पुलिस महानिदेशक सुमेध सिंह सैनी ने जिला पुलिस प्रमुखों को निर्देश दिया है कि राज्य में शांति बनाये रखने के लिए सभी जरूरी और एहतियाती कदम उठाये जाएं।
   
इस बीच एहतियाती कदम के तौर पर शहरी व ग्रामीण इलाकों में पुलिस गश्त तेज कर दी गयी है। संवेदनशील जगहों के आसपास अतिरिक्त बलों को तैनात किया गया है। केंद्र से अर्धसैनिक बलों की कुछ कंपनियों को पहुंचाया गया है और अमतसर, पटियाला, जालंधर, लुधियाना तथा अन्य स्थानों पर तैनात किया गया है।
   
पटियाला की केंद्रीय जेल के आसपास सुरक्षा घेरा और बढ़ा दिया गया है, जहां राजोआना बंद है। अदालत के आदेश के अनुसार राजोआना को 31 मार्च को पटियाला की सेंट्रल जेल में फांसी दी जानी है।
   
सिखों की शीर्ष संस्था शिरोमणि गुरूद्वारा प्रबंध कमेटी ने कल राष्ट्रपति को एक दया याचिका भेजकर राजोआना को क्षमादान देने की मांग की है। पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने भी कहा कि वह इस संबंध में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात करेंगे।
   
उधर पटियाला के जेल अधीक्षक ने अदालत में याचिका दाखिल कर बब्बर खालसा के उग्रवादी की फांसी को टालने की गुहार लगाई है। सीबीआई ने कहा है कि मौत की सजा के वारंट को चुनौती देना उसके अधिकार क्षेत्र में नहीं है।
   
इस बीच कुछ सिख संगठनों के कार्यकर्ताओं ने आज जालंधर में मार्च निकाला तथा राजोआना के समर्थन में नारेबाजी की। होशियारपुर समेत प्रदेश के अन्य शहरों में भी इस तरह के मार्च निकाले जाने की खबरें हैं। विशेष सीबीआई अदालत ने राजोआना और जगतार सिंह हवाड़ा को एक अगस्त, 2007 को मौत की सजा सुनाई थी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें