फोटो गैलरी

Hindi Newsनिर्भया डाक्यूमेंट्री प्रकरण: पीड़िता के परिजन बीबीसी के खिलाफ जायेंगे अदालत

निर्भया डाक्यूमेंट्री प्रकरण: पीड़िता के परिजन बीबीसी के खिलाफ जायेंगे अदालत

दिल्ली सामूहिक बलात्कार कांड की पीड़िता के परिजनों ने घटना पर बनायी गयी बीबीसी की डाक्यूमेंट्री में उनकी बेटी का नाम सार्वजनिक किए जाने पर कड़ी आपत्ति जाहिर करते हुए इस संबंध में कानूनी कार्रवाई की...

निर्भया डाक्यूमेंट्री प्रकरण: पीड़िता के परिजन बीबीसी के खिलाफ जायेंगे अदालत
एजेंसीThu, 05 Mar 2015 09:52 PM
ऐप पर पढ़ें

दिल्ली सामूहिक बलात्कार कांड की पीड़िता के परिजनों ने घटना पर बनायी गयी बीबीसी की डाक्यूमेंट्री में उनकी बेटी का नाम सार्वजनिक किए जाने पर कड़ी आपत्ति जाहिर करते हुए इस संबंध में कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

पीड़िता के पिता ने आज पीटीआई को बताया कि उनसे साफ तौर पर कहा गया था कि वे हमारी बेटी का नाम और फोटो जाहिर नहीं करें, उन्होंने ऐसा किया और यह सही नहीं हैं, हम इसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे।

उन्होंने बलात्कार के दोषी मुकेश के आपत्तिजनक बयानों पर विरोध जताया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि बीबीसी ने भारत सरकार को चुनौती दी है , भारत सरकार बीबीसी को माकूल जवाब देगी, इसका उन्हें भरोसा है।

पीड़िता के पिता ने साथ ही कहा कि दोषी मुकेश का जेल में इण्टरव्यू किये जाने के मामले में केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने जो सजगता दिखायी है , उसकी वह प्रशंसा करते है और इसके साथ ही उनकी मांग है कि केन्द्र सरकार उच्चतम न्यायालय में भी पहल करे ताकि लम्बित मामले में अदालत का जल्द से जल्द निर्णय आ सके।

पीड़िता के पिता ने कहा कि उनको बताया गया है कि बीबीसी ने सरकार की रोक के बावजूद उनकी बेटी पर आधारित डाक्यूमेंटरी को अनेक देशों में प्रसारित किया है तथा इसमें उनकी बेटी का नाम व फोटो उजागर किया है, जो सरासर गलत है। उन्होंने बीबीसी को अपनी बेटी का नाम व फोटो उजागर करने से मना किया था।

उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि केन्द्र सरकार रोक के बावजूद कार्यक्रम प्रसारित करने के मामले का संज्ञान लेकर कार्रवाई करेगी।

उन्होंने कहा कि इस मामले में वे स्वयं भी अदालत का दरवाजा खटखटायेंगे। इस डाक्यूमेंट्री में मुकेश का डाक्यूमेंट्री निर्माता लैसली उडविन द्वारा बीबीसी के लिए लिया गया साक्षात्कार शामिल हैं । मुकेश उस बस का ड्राइवर था जिसमें मूल रूप से बलिया निवासी 23 साल की पैरामेडिकल छात्रा के साथ 16 दिसंबर 2012 की रात को छह लोगों द्वारा जघन्य बलात्कार किया गया था। वह स्वयं भी अपराध में शामिल था। मुकेश ने इस फिल्म में पीड़िता के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं।

निर्भया के पिता बोले- कानूनी कार्रवाई करेंगे

बर्बर निर्भया गैंगरेप पर बनी डॉक्यूमेंट्री को दिखाए जाने आहत निर्भया के पिता ने कहा है कि डॉक्यूमेंट्री बनाने वालों से साफ तौर पर कहा गया था कि वे हमारी बेटी का नाम और फोटो जाहिर नहीं करें। उन्होंने ऐसा किया और यह सही नहीं है। हम इसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि इसका प्रसारण कर बीबीसी ने भारत सरकार को चुनौती दी है।

भरोसा है कि सरकार बीबीसी को माकूल जवाब देगी।
इससे पहले, डॉक्यूमेंट्री पर भारत सरकार का बैन पूरी तरह फ्लॉप हो गया। सरकार के तमाम निर्देशों की अनदेखी करते हुए बीबीसी ने इंग्लैंड और कुछ अन्य देशों में गुरुवार तड़के 3.30 बजे विवादित इंडियाज डॉटर डॉक्यूमेंट्री दिखाई।

उसके बाद यह डॉक्यूमेंट्री यूटय़ूब पर पोस्ट कर दी गई है। ग्लोबल ट्विटर पर भी इसका ट्रेंड चला। हालांकि बीबीसी का कहना है कि इस डॉक्यूमेंट्री का भारत में प्रसारण की उसकी कोई योजना नहीं है। इधर सरकार ने बीबीसी को डॉक्यूमेंट्री के प्रसारण पर कानूनी नोटिस जारी किया है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें