राहुल की अनुपस्थिति में बदले गए कई प्रदेश अध्यक्ष
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की छुट्टियों के बीच पार्टी ने प्रदेश कांग्रेस में बदलाव की प्रक्रिया शुरू कर दी है। तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस की कमान एन.उत्तम कुमार रेड्डी को सौंपने के बाद कांग्रेस ने...
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की छुट्टियों के बीच पार्टी ने प्रदेश कांग्रेस में बदलाव की प्रक्रिया शुरू कर दी है। तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस की कमान एन.उत्तम कुमार रेड्डी को सौंपने के बाद कांग्रेस ने पूर्व केंद्रीय मंत्री भरत सिंह सोलंकी को गुजरात प्रदेश कांग्रेस का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है।
संसद के बजट सत्र से ठीक पहले राहुल गांधी कथित तौर पर नाराज होकर छुट्टी पर हैं। उनके करीबियों का कहना है कि कांग्रेस उपाध्यक्ष अपनी मर्जी के मुताबिक पार्टी में फैसला नहीं कर पा रहे थे। काफी कोशिशों के बावजूद राहुल गांधी गुजरात और महाराष्ट्र में बदलाव में नाकाम रहे।
गुजरात प्रदेश कांग्रेस की कमान भरत सिंह सोलंकी को सौपे जाने के फैसले को राहुल गांधी की नाराजगी से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी के एक बड़े नेता ने कहा कि जल्द कुछ और प्रदेशों में भी बदलाव हो सकता है। इनमें दिल्ली, पंजाब, महाराष्ट्र और जम्मू-कश्मीर शामिल हैं।
पंजाब में कैप्टन अमरिंदर सिंह और प्रताप सिंह बाजवा के बीच चल रही लड़ाई को खत्म करने के लिए प्रदेश कांग्रेस की कमान विधायक लाल सिंह को मिल सकती है। लाल सिंह कैप्टन अमरिंदर के करीबी माने जाते हैं। पंजाब के ज्यादातर नेता बाजवा को हटाने की मांग कर रहे हैं।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस की कमान अजय माकन को सौंपी जा सकती है। माकन ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में प्रचार की कमान संभाली थी। हालांकि, पार्टी कोई भी सीट जीतने में नाकाम रही। हार के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह लवली ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
जम्मू-कश्मीर में भी प्रोफेसर सैफुद्दीन सोज की जगह किसी युवा को प्रदेश कांग्रेस की कमान सौंपे जाने की उम्मीद है। इस सिलसिले में पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने पिछले दिनों प्रदेश कांग्रेस के कई नेताओं से अलग-अलग चर्चा की। इसके अलावा कुछ और प्रदेशों में भी अध्यक्ष बदले जा सकते हैं।