फोटो गैलरी

Hindi Newsसेना प्रमुख के लिए लेफ्टिनेंट जनरल दलबीर सिंह का नाम आगे

सेना प्रमुख के लिए लेफ्टिनेंट जनरल दलबीर सिंह का नाम आगे

भाजपा की ओर से आपत्ति के बावजूद रक्षा मंत्रालय नए सेना प्रमुख की नियुक्ति की प्रक्रिया पर आगे बढ़ने जा रहा है और उसने वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल दलबीर सिंह सुहाग के नाम की प्रधानमंत्री...

सेना प्रमुख के लिए लेफ्टिनेंट जनरल दलबीर सिंह का नाम आगे
एजेंसीSun, 20 Apr 2014 09:46 PM
ऐप पर पढ़ें

भाजपा की ओर से आपत्ति के बावजूद रक्षा मंत्रालय नए सेना प्रमुख की नियुक्ति की प्रक्रिया पर आगे बढ़ने जा रहा है और उसने वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल दलबीर सिंह सुहाग के नाम की प्रधानमंत्री कार्यालय को अनुशंसा की है।

आधिकारिक सूत्रों ने आज बताया कि रक्षा मंत्रालय की अनुशंसा को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की अध्यक्षता वाली मंत्रिमंडल की नियुक्ति मामलों की समिति से मंजूरी लेनी होगी।

परंपरा के अनुसार सरकार मौजूदा सेना प्रमुख की सेवानिवत्ति से दो महीने पहले भावी सेना प्रमुखों के नाम की घोषणा करती है। इसपर कायम रहते हुए यह उम्मीद की जाती है कि नए सेना प्रमुख के नाम की घोषणा एक मई को की जा सकती है। जनरल बिक्रम सिंह की सेवानिवत्ति की तारीख से तीन महीने पहले इसके होने की संभावना है।

मौजूदा सेना प्रमुख जनरल सिंह की नियुक्ति की भी घोषणा उनके पूर्ववर्ती जनरल वी के सिंह के सेवानिवत्त होने से तीन महीने पहले की गई थी। वी के सिंह के रक्षा मंत्रालय से अच्छे संबंध नहीं थे और उन्होंने अपनी आयु संबंधी विवाद में सरकार को उच्चतम न्यायालय में भी घसीटा था।

रक्षा मंत्रालय यह कदम भाजपा के यह कहने के बावजूद उठा रहा है कि निवर्तमान सरकार को नया सेना प्रमुख नहीं नियुक्त करना चाहिए और इसे अगली सरकार पर छोड़ देना चाहिए। अगली सरकार के अगले महीने के अंत तक कार्यभार संभालने की उम्मीद है।

पार्टी ने इस प्रक्रिया को रोकने के लिए चुनाव आयोग में याचिका भी दी है। भाजपा सदस्य और गाजियाबाद से पार्टी के उम्मीदवार पूर्व सेना प्रमुख वी के सिंह ने कहा है कि संप्रग सरकार को नए सेना प्रमुख की नियुक्ति में जल्दबाजी नहीं दिखानी चाहिए।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें