फोटो गैलरी

Hindi Newsगंगा तट से प्रसारित हुआ विश्व शांति का संदेश

गंगा तट से प्रसारित हुआ विश्व शांति का संदेश

गंगा तट से गुरुवार सुबह शांति का संदेश प्रसारित हुआ। उस आंतकवाद के खिलाफ जिसने अब मासूमों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। पेशावर के सैनिक स्कूल में बर्बर आतंकी हमले से बनारस की सुबह भी विह्वल...

गंगा तट से प्रसारित हुआ विश्व शांति का संदेश
लाइव हिन्दुस्तान टीमThu, 18 Dec 2014 11:59 PM
ऐप पर पढ़ें

गंगा तट से गुरुवार सुबह शांति का संदेश प्रसारित हुआ। उस आंतकवाद के खिलाफ जिसने अब मासूमों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। पेशावर के सैनिक स्कूल में बर्बर आतंकी हमले से बनारस की सुबह भी विह्वल दिखी। अस्सी घाट के सांस्कृतिक आयोजन सुबह-ए-बनारस में शांति पाठ एवं यज्ञ के माध्यम से पेशावर की टीस को कम करने की ईश्वर से प्रार्थना की गई।

शांतिपाठ के स्वर एवं यज्ञ कुंड से निकले धुएं के साथ मर्माहत लोगों लोगों ने अनंत आकाश के रास्ते अपनी भावनाएं पेशावर के उन शोक संतप्त परिवार को तक पहुंचाईं जिनके बच्चे अब इस दुनिया में नहीं हैं। उन संवेदनाओं में उन बच्चों के लिए कुशल क्षेम का भाव-संपुट मिला हुआ था जो अस्पतालों में जीवन का संघर्ष कर रहे हैं। 

सुबह-ए-बनारस का आयोजन हमेशा की तरह वैदिक ऋचाओं से सूर्य, बाबा विश्वनाथ एवं गंगा स्तवन, आरती के साथ शुरू हुआ। स्तवन के बाद पाणिनी कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने स्वस्ति वाचन के साथ शांतिपाठ-ऊँ द्यौ: शांति:...भी किया। ब्रह्मांड के सभी घटक-अंतरिक्ष, धरती, ग्रह-देव, नदी-वनस्पति आदि से  प्रार्थना की गई कि पेशावर के बर्बर कांड से उद्वेलित वातावरण को शांत करें।

यज्ञकुंड में समिधाएं डालते समय लोगों ने हादसे के शिकार बच्चों की आत्मा की शांति के लिए अग्निदेव से प्रार्थना की। उपस्थित लोगों ने पेशावर कांड की निंदा करते हुए कहा कि दु:ख की इस घड़ी में काशी पेशावर के साथ है। आतंकवाद के विरोध में भी वह कंधा से कंधा मिलाए खड़ी मिलेगी। इस शांति पाठ एवं यज्ञ में विदेशी पर्यटक भी शामिल हुए। 

इसके बाद स्वीडेन के केजी वेस्टमैन ने प्रभाती राग अहीर भैरव में सितार वादन किया। वेस्टमैन के साथ संदीप राव केवले ने तबले पर संगत की। विजयप्रकाश मिश्र के निर्देशन में योगाभ्यास के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। संचालन प्रमोद मिश्र ने किया।
हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें