फोटो गैलरी

Hindi Newsवैदिक-सईद मुलाकात: कांग्रेस ने सरकार को निशाना बनाया

वैदिक-सईद मुलाकात: कांग्रेस ने सरकार को निशाना बनाया

कांग्रेस ने आज एक भारतीय पत्रकार की हाफिज सईद के साथ पाकिस्तान में हुई मुलाकात को लेकर सरकार को घेरने का प्रयास करते हुए कहा कि बिना अधिकारियों की जानकारी के यह नहीं हो सकता था और साथ ही दावा किया कि...

वैदिक-सईद मुलाकात: कांग्रेस ने सरकार को निशाना बनाया
एजेंसीMon, 14 Jul 2014 07:53 PM
ऐप पर पढ़ें

कांग्रेस ने आज एक भारतीय पत्रकार की हाफिज सईद के साथ पाकिस्तान में हुई मुलाकात को लेकर सरकार को घेरने का प्रयास करते हुए कहा कि बिना अधिकारियों की जानकारी के यह नहीं हो सकता था और साथ ही दावा किया कि यह पत्रकार संघ परिवार का करीबी है।
    
कांग्रेस नेताओं ने आज वरिष्ठ पत्रकार वेद प्रताप वैदिक की मुंबई आतंकी हमले के आरोपी हाफिज सईद से हुई मुलाकात के मुद्दे को संसद के अंदर और बाहर उठाया और सरकार से जानना चाहा कि क्या सरकार ने इसकी स्वीकति दी थी।
    
कांग्रेस नेता सैफुद्दीन सोज ने संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से कहा, हम इसे मुद्दा बनाने जा रहे हैं क्योंकि यह कोई साधारण पत्रकार का मामला नहीं हैं। वह (पत्रकार) आरएसएस के बहुत करीब हैं, रामदेव से करीबी से जुडे हुए हैं। वह पाकिस्तान और अफगानिस्तान जाते हैं और हर हमेशा से संघ परिवार का करीबी रहे हैं।
    
वित्त मंत्री अरुण जेटली ने राज्यसभा में कहा कि किसी पत्रकार की हाफिज सईद से मुलाकात से सरकार का प्रत्यक्ष रूप से, अप्रत्यक्ष रूप से या दूर दूर तक कोई लेना देना नहीं है। सरकार ने किसी को भी उससे :सईद से: मिलने के लिए अनुमति नहीं दी है।
    
कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा कि इस मुद्दे पर देश को विश्वास में लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, हमने सरकार से मांग की है कि इस पर जवाब की जरूरत है, वैदिक क्यों गये थे, क्या वह दूत थे या पिछले दरवाजे से कोई कूटनीतिक प्रयास चल रहे हैं। यह देश को पता होना चाहिए। देश जानना चाहेगा और देश को विश्वास में लिया जाना चाहिए।

एक अन्य कांग्रेसी नेता एवं पूर्व मंत्री आनंद शर्मा ने कहा कि इस तरह की बैठक अधिकारियों की जानकारी के बगैर नहीं हो सकती। इसलिए बुनियादी सवाल उठता है कि क्या सरकार को इसकी जानकारी थी। क्या हमारे विदेश मंत्रालय को कोई रिपोर्ट प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि वैदिक के पास भारतीय पासपोर्ट है और जानना चाहा कि क्या भारतीय नागरिक को सर्वाधिक वांछित आतंकवादी के साथ समय बिताने की इजाजत है।
    
शर्मा ने कहा कि वह यह नहीं मानते कि सरकार इस बैठक से अवगत नहीं है। उन्होंने कहा, क्या हम ऐसी स्थिति की इजाजत दे सकते हैं कि भारतीय पासपोर्ट के साथ कोई व्यक्ति वीजा ले और और जाकर सर्वाधिक वांछित आतंकवादी से मिले। यह बुनियादी सवाल है।
   
सोज ने कहा कि हाफिज सईद जैसे आतंकवादी से मुलाकात देश के लिए खतरनाक स्थिति है। उच्चायुक्त की सहमति के बगैर वह नहीं मिल सकते। यह विदेश मंत्रालय और गह मंत्रालय की जानकारी में है। किसी व्यक्ति का पाकिस्तान में किसी के साथ मुलाकात का यह कोई सामान्य मुद्दा नहीं है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें