फोटो गैलरी

Hindi Newsसोनिया के खिलाफ विवादित टिप्पणी पर गिरिराज सिंह ने खेद प्रकट किया

सोनिया के खिलाफ विवादित टिप्पणी पर गिरिराज सिंह ने खेद प्रकट किया

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी के लिए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने आज लोकसभा में खेद जताया। सिंह ने हाल ही में बिहार में गांधी के खिलाफ टिप्पणी की थी। इससे पहले...

सोनिया के खिलाफ विवादित टिप्पणी पर गिरिराज सिंह ने खेद प्रकट किया
एजेंसीMon, 20 Apr 2015 03:19 PM
ऐप पर पढ़ें

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी के लिए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने आज लोकसभा में खेद जताया। सिंह ने हाल ही में बिहार में गांधी के खिलाफ टिप्पणी की थी। इससे पहले कांग्रेस सदस्यों ने सदन की बैठक शुरू होते ही यह मुद्दा उठाया और सिंह को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान की मांग की। समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय जनता दल के सदस्यों ने भी उनका साथ दिया। हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही करीब 15 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी।

बाद में सिंह ने अपनी टिप्पणी के लिए सदन में खेद जताया। उन्होंने कहा कि च्च्किसी का अपमान करना मेरा उद्देश्य नहीं था। मेरी बातों से किसी को दुख पहुंचा है तो मैं खेद प्रकट करता हूं। कांग्रेस के सदस्यों ने इस मामले में स्थगन प्रस्ताव दिए हुए थे। सदन की बैठक शुरू होने पर अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने कहा कि उन्होंने स्थगन प्रस्ताव स्वीकार नहीं किए हैं, लेकिन वह सदस्यों को शून्यकाल के दौरान बोलने का मौका देंगी। इस पर सदन में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि सिंह का बयान स्त्री समाज का अपमान है। यह अहम मुद्दा है और इसे उठाने की अनुमति दी जानी चाहिए।

कांग्रेस के ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी की। सिंधिया ने कहा कि सिंह ने टिप्पणी की है कि राजीव गांधी ने अगर किसी नाइजीरियाई महिला से शादी की होती और वह गोरी चमड़ी वाली नहीं होती हो क्या कांग्रेस उनका नेतृत्व स्वीकार करती। उन्होंने कहा कि सिंह के बयान से देश का सिर शर्म से झुक गया है। जिस देश में महिलाओं को पूजा जाता है उस देश में उन पर ऐसी टिप्पणी अशोभनीय है। यह टिप्पणी नाइजीरिया के लोगों के खिलाफ भी है और वहां के लोग भी भारत सरकार से माफी की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री इस मामले में चुप्पी साधे हुए हैं। उन्हें अपना मौनव्रत तोड़कर सिंह से इस्तीफा मांगना चाहिए और सदन में आकर माफी मांगनी चाहिए।

इस पर संसदीय कार्यमंत्री एम वेंकैया नायडू ने कहा कि सरकार में कोई भी सिंह के बयान से इत्तेफाक नहीं रखता। ऊंचे पद पर बैठे हुए किसी व्यक्ति को ऐसा बयान नहीं देना चाहिए। ऐसा बयान कतई स्वीकार्य नहीं है। लेकिन कांग्रेस के सदस्य इससे संतुष्ट नहीं हुए और प्रधानमंत्री के बयान की मांग करने लगे। खड़गे ने कहा कि सिंह मंत्री हैं और सदन का नेता होने के नाते प्रधानमंत्री को इस पर बयान देना चाहिए।

महाजन ने भी कहा कि सिंह को ऐसा बयान नहीं देना चाहिए था लेकिन हर बात पर प्रधानमंत्री से माफी मांगने की मांग नहीं की जानी चाहिए। कांग्रेस के सदस्य प्रधानमंत्री के बयान की मांग पर अड़े रहे। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय जनता दल के सदस्य अध्यक्ष के आसन के सामने आकर हंगामा करने लगे। इस पर अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही करीब 15 मिनट के लिए स्थगित कर दी।

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें