फोटो गैलरी

Hindi Newsउप चुनाव में सत्ता का दुरुपयोग हुआ: आदित्यनाथ

उप चुनाव में सत्ता का दुरुपयोग हुआ: आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश की 11 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा को झटका लगने पर सांसद आदित्यनाथ का कहना है कि सत्ता का व्यापक स्तर पर दुरुपयोग किया गया। भाजपा को चुनाव सभाएं तक करने की अनुमति नहीं दी गई।...

उप चुनाव में सत्ता का दुरुपयोग हुआ: आदित्यनाथ
लाइव हिन्दुस्तान टीमTue, 16 Sep 2014 09:53 PM
ऐप पर पढ़ें

उत्तर प्रदेश की 11 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा को झटका लगने पर सांसद आदित्यनाथ का कहना है कि सत्ता का व्यापक स्तर पर दुरुपयोग किया गया। भाजपा को चुनाव सभाएं तक करने की अनुमति नहीं दी गई। गांवों में बूथों की बागडोर प्रशासन और पुलिस ने अप्रत्यक्ष रूप से संभाल रखी थी।

नतीजे आने के बाद मंगलवार को गोरक्षपीठाधीश्वर एवं सांसद महंत आदित्यनाथ ने प्रतिक्रिया में कहा कि प्रदेश के मंत्रियों ने उपचुनाव वाले क्षेत्रों में डेरा डाल रखा था। अधिकारियों ने नतीजों को पूरी तरह प्रभावित किया है।

उपचुनाव के दौरान भाजपा की ओर से प्रचार की कमान संभालने वाले महंत ने कहा कि हार के कारणों की समीक्षा की जानी चाहिए। कई कारण होते हैं। संगठनात्मक व्यूह रचना, टिकट बंटवारा और चुनाव प्रचार की तैयारी भी अहम भूमिका निभाती है। पार्टी हर स्तर की समीक्षा के बाद ही कुछ कहेगी। महंत ने कहा कि उन्होंने बिजनौर, नोएडा व लखनऊ की सीटों पर प्रचार किया था, इनमें दो सीटें भाजपा को मिली हैं।

लव जिहाद की बात जनता तक पहुंच नहीं पाई: योगी
उपचुनाव के नतीजे आने के बाद महंत आदित्यनाथ ने विकास के मुद्दे से दूर जाकर साम्प्रदायिकता का सहारा लेने के सवाल पर कहा कि भाजपा ने विकास के साथ हिन्दुत्व को मुद्दा बनाया था। यह भाजपा के एजेंडे में पहले से है। लव-जेहाद के मुद्दे पर हुई मात के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह बात जनता तक पहुंच ही नहीं पाई। जनता इस गंभीर विषय से अभी पूरी तरह वाकिफ नहीं हो पाई है।

ऐसे परिणामों की उम्मीद न थी: लक्ष्मीकांत
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकान्त बाजपेई का कहना है कि उन्हें उपचुनावों में इस तरह की परिणामों की उम्मीद नहीं थी। अप्रत्याशित परिणाम आए हैं लेकिन हम जनता के फैसले को स्वीकार करते हैं। उपचुनाव परिणामों पर ‘हिन्दुस्तान’ से बात करते हुए डॉ. बाजपेई ने कहा कि वह सामूहिक रूप से बैठकर उपचुनावों में मिली हार के कारणों की समीक्षा करेंगे और उनका निदान करेंगे।

उन्होंने कहा कि हार की जिम्मेदारी मेरी और मेरी टीम की है। परिणामों ने प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सबक दिया है। हम आगे अपनी रणनीति बनाएंगे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें