फोटो गैलरी

Hindi Newsआज से एक नए युग की शुरुआत: सुषमा स्वराज

आज से एक नए युग की शुरुआत: सुषमा स्वराज

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने शुक्रवार को नालंदा विश्वविद्यालय में पढ़ाई की विधिवत शुरुआत की। राजगीर स्थित कन्वेंशन सेंटर में आयोजित उद्घाटन समारोह में श्रीमती स्वराज ने कहा कि आज से एक नए युग की...

आज से एक नए युग की शुरुआत: सुषमा स्वराज
लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 19 Sep 2014 10:43 PM
ऐप पर पढ़ें

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने शुक्रवार को नालंदा विश्वविद्यालय में पढ़ाई की विधिवत शुरुआत की। राजगीर स्थित कन्वेंशन सेंटर में आयोजित उद्घाटन समारोह में श्रीमती स्वराज ने कहा कि आज से एक नए युग की शुरुआत हुई है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय का पुनर्जीवन नहीं है, बल्कि किसी वजह से बीच में विलुप्त हुई परंपरा की फिर से शुरुआत है। उनकी समझ यह है कि नालंदा एक परंपरा का नाम है। परंपराएं मरती नहीं हैं। परिस्थितिवश विलुप्त हो जाती हैं। परंपरा में आस्था रखने वाले इसे फिर से जीवित करते हैं।

पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे कलाम के साथ-साथ बिहार की सरकार का इसमें महत्वपूर्ण योगदान है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अगले दस वर्षो के लिए केंद्र सरकार नालंदा विवि को 2727 करोड़ रुपये देगी, जो इसके आधारभूत संरचना पर खर्च होंगे। विदेश मंत्री ने कहा कि आज से बिहार नालंदा विवि के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित हो गया है। नालंदा की प्रतिष्ठा सिर्फ बिहार की प्रतिष्ठा नहीं है, बल्कि यह देश की प्रतिष्ठा का मामला है। नालंदा विवि के शुरू हो जाने से बिहार के विकास की शुरुआत हुई है।

मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि यह भारत के लिए गौरव की बात है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सक्षम प्रयास से यह संभव हो पाया है। कहा कि उनकी मंशा है कि नालंदा विवि के आसपास के गांवों का भी विकास हो। इसके लिए सरकार एक विकास प्राधिकार गठित करने को सोच रही है।

इस विवि के लिए राज्य सरकार ने 446 एकड़ जमीन दी है। राज्य सरकार चाहती है कि नालंदा विवि के समीप एक हवाई अड्डे का निर्माण हो। इसमें केंद्र सरकार राज्य की मदद करे। हवाई अड्डा के लिए राज्य सरकार ने 1400 एकड़ जमीन की व्यवस्था की है। हम बिक्रमशीला को भी पुनर्जीवित करना चाहते हैं।

नालंदा विवि की कुलपति डॉ. गोपा सबरवाल ने भी विचार रखे। अतिथियों का स्वागत विवि की डीन (एकेडमिक) डॉ. अंजना शर्मा ने किया। मौके पर विधान परिषद में विरोधी दल के नेता सुशील कुमार मोदी, ग्रामीण कार्य मंत्री श्रवण कुमार, नालंदा विवि के शासी निकाय सदस्य लॉर्ड मेघनाद देसाई, अनिल वाधवा और पूर्व सांसद एनके सिंह सहित कई देशों के राजनयिक मौजूद थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें