फोटो गैलरी

Hindi Newsराहुल बने केदारनाथ के 'ब्रांड एंबेसडर'

राहुल बने केदारनाथ के 'ब्रांड एंबेसडर'

राहुल गांधी के गौरीकुंड से केदारनाथ की पैदल यात्रा पर निकलते ही चारधाम यात्रा में नया जोश आ गया। पहाड़ के लोग राहुल के पैदल चढ़ाई चढ़ने की दाद देने लगे। केदारनाथ की ओर जा रहे लोगों का हौसला बढ़ गया।...

राहुल बने केदारनाथ के 'ब्रांड एंबेसडर'
लाइव हिन्दुस्तान टीमThu, 23 Apr 2015 08:23 PM
ऐप पर पढ़ें

राहुल गांधी के गौरीकुंड से केदारनाथ की पैदल यात्रा पर निकलते ही चारधाम यात्रा में नया जोश आ गया। पहाड़ के लोग राहुल के पैदल चढ़ाई चढ़ने की दाद देने लगे। केदारनाथ की ओर जा रहे लोगों का हौसला बढ़ गया। प्राकृतिक आपदा के बाद इस सफर से डर गए श्रद्धालुओं का भरोसा बहाल करने में राहुल गांधी मददगार साबित हो रहे हैं। देश और दुनिया के यात्रियों में भी उनकी यात्रा का सकारात्मक संदेश जाएगा। इस यात्रा को दुर्गम मान बैठे लोगों को भी अब लगने लगा कि राहुल जा सकते हैं तो हम क्यों नहीं? दरअसल राहुल गांधी केदारनाथ यात्रा के अघोषित ब्रांड एंबेसडर बन गए हैं।

वर्ष 2013 की प्राकृतिक आपदा के बाद उत्तराखंड को लेकर देश-विदेश में खौफ पैदा हो गया था। 2014 में सरकार के तमाम प्रयासों के बाद भी तीर्थ यात्रियों और पर्यटकों का विश्वास नहीं लौट पाया। इस बार सरकार शुरुआत से ही देश भर में सुरक्षित यात्रा का संदेश देने में जुटी रही। अब ठीक केदारनाथ धाम के कपाट खुलने पर राहुल गांधी को लाकर सरकार ने बड़ी व असरदार पहल की। राहुल के केदार धाम तक पैदल जाने से चारधाम में तीर्थयात्रियों का उत्साह तो बढ़ेगा ही, यात्रा मार्ग पर व्यवसाय से जुड़े लोगों में में खासा उत्साह नजर आ रहा है। राहुल के कारण मिलने वाली मीडिया कवरेज से भी सुरक्षित उत्तराखंड का साफ संदेश लोगों तक पहुंचेगा।

आपदा के बाद तीर्थयात्रियों को तरसे
लोगों में वर्ष 2013 की आपदा को लेकर इस कदर खौफ था कि चार धाम तो दूर, लोग हरिद्वार, नैनीताल से लेकर मसूरी तक आने से बचते दिखे। यही वजह रही जो वर्ष 2013 में 22 लाख 22 हजार आने वाले पर्यटकों की संख्या वर्ष 2014 में दो लाख 13 हजार पर सिमट गई।

तीन सालों में पर्यटकों की संख्या
धाम  2014  2013  2012
गंगोत्री  36199  389192 380060 
यमुनोत्री  29281  354151 366959
बद्रीनाथ  96983  801946 623818
केदारनाथ  26614  499415 495207
हेमकुंड साहिब  24217 178049 257133
कुल यात्री  213294 2222753  2123177

सरकार ने साल भर की कसरत
पिछली यात्रा समाप्त होते ही सरकार ने मेरे बुजुर्ग मेरे तीर्थ योजना शुरू की
बुजुर्गों को निशुल्क बद्रीनाथ धाम के दर्शन की योजना
माउंटेन बाइक रैली के जरिए सुरक्षित उत्तराखंड का दिया संदेश
गढ़वाल व कुमाऊं क्षेत्र को कवर करते हुए एडवेंचर कार रैली का आयोजन
दिल्ली, मुंबई, बैंगलोर, कोलकाता में टूरिस्ट मीट का आयोजन
दिल्ली, मुंबई में रोड शो के जरिए सुरक्षित उत्तराखंड का संदेश
मुंबई व दिल्ली में सीएम समेत पर्यटन मंत्री के रोड शो
देश भर के बड़े टूर ऑपरेटर्स को कराई केदारधाम की सैर

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें