फोटो गैलरी

Hindi Newsमहाराष्ट्र के कद्दावर नेता आरआर पाटिल का निधन, कैंसर से पीड़ित थे

महाराष्ट्र के कद्दावर नेता आरआर पाटिल का निधन, कैंसर से पीड़ित थे

महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री और एनसीपी के दिग्गज नेता आरआर पाटिल का सोमवार को मुंबई के लीलावती अस्पताल में निधन हो गया। 58 वर्षीय पाटिल मुंह के कैंसर से ग्रस्त थे। पिछले साल दिसंबर...

महाराष्ट्र के कद्दावर नेता आरआर पाटिल का निधन, कैंसर से पीड़ित थे
लाइव हिन्दुस्तान टीमTue, 17 Feb 2015 01:07 AM
ऐप पर पढ़ें

महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री और एनसीपी के दिग्गज नेता आरआर पाटिल का सोमवार को मुंबई के लीलावती अस्पताल में निधन हो गया। 58 वर्षीय पाटिल मुंह के कैंसर से ग्रस्त थे। पिछले साल दिसंबर में ब्रीच कैंडी अस्पताल में उनके मुंह का ऑपरेशन हुआ था। इसके बाद लीलावती अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।

महाराष्ट्र सरकार ने पाटिल के निधन पर एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। मंगलवार को दोपहर में तासगांव के अंजनी गांव में उनका अंतिम संस्कार होगा। पाटिल के पार्थिव शरीर को शाम को लीलावती अस्पताल से मुंबई स्थित राष्ट्रवादी कांग्रेस भवन में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया, जहां नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। रात में उनके पार्थिव शरीर को अंजनी गांव के लिए रवाना किया गया। अंजनी गांव में सरकारी भवन में उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा।

पाटिल के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, एनसीपी प्रमुख शरद पवार, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, एनसीपी के वरिष्ठ नेता छगन भुजबल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष माणिकराव ठाकरे, गांधीवादी समाजसेवी अन्ना हजारे सहित कई नेताओं ने शोक संवेदना व्यक्त की है।  

राजनीतिक करियर
- 1990 में पहली बार वह महाराष्ट्र विधानसभा में जीतकर आए
- 1999 में कांग्रेस-एनसीपी सरकार में ग्रामीण विकास मंत्री बने
- 2003 : तेलगी स्टांप पेपर घोटाले से घिरे छगन भुजबल के इस्तीफे के बाद पाटिल को गृहमंत्रालय की
जिम्मेदारी
- 2004 : पाटिल को एनसीपी-कांग्रेस गठबंधन सरकार में उपमुख्यमंत्री बनाया गया
 - 2008 : 26/11 हमले पर की गई विवादित टिप्पणी ‘बड़े शहरों में छोटी घटनाएं हो जाती हैं’ के बाद देना
पड़ा इस्तीफा
- 2009 : कांग्रेस-एनसीपी की चुनाव में वापसी के बाद दोबारा गृहमंत्री के पद पर काबिज, सितंबर 2014 तक रहे

डांस बार पर रोक में अहम भूमिका: मुंबई सहित पूरे महाराष्ट्र में डांस बार पर रोक लगाने में पाटिल ने अहम भूमिका निभाई। उनकी पहल की वजह से ही मुंबई के डांस बार पर रोक लगाई गई और यह मामला हाईकोर्ट के रास्ते सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा।

पाटिल जी के निधन पर मैं गहरा शोक व्यक्त करत हूं। उन्हें एक जमीनी स्तर के नेता के रूप में याद किया जाएगा, जिन्होंने महाराष्ट्र के लोगों की सेवा की। दुख की घड़ी में मैं उनके परिवार के साथ हूं।
- राहुल गांधी, कांग्रेस उपाध्यक्ष

मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं दिवंगत श्री आऱ आऱ पाटिल के साथ हैं।
- अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष

मेरी संवेदनाएं श्री आर आर पाटिल के परिजनों के साथ हैं। उनके निधन की खबर से मुझे दुख हुआ, जिससे महाराष्ट्र की राजनीति में एक खालीपन आ गया है।
- नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें