फोटो गैलरी

Hindi Newsलोकसभा चुनावः पांचवें चरण में 121 सीटों पर प्रचार समाप्त

लोकसभा चुनावः पांचवें चरण में 121 सीटों पर प्रचार समाप्त

लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के तहत 12 राज्यों की 121 लोकसभा सीटों पर 17 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए चुनाव प्रचार मंगलवार शाम समाप्त हो गया। इसके साथ ही नौ चरणों में होने वाले लोकसभा चुनाव के आधे...

लोकसभा चुनावः पांचवें चरण में 121 सीटों पर प्रचार समाप्त
एजेंसीTue, 15 Apr 2014 09:50 PM
ऐप पर पढ़ें

लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के तहत 12 राज्यों की 121 लोकसभा सीटों पर 17 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए चुनाव प्रचार मंगलवार शाम समाप्त हो गया। इसके साथ ही नौ चरणों में होने वाले लोकसभा चुनाव के आधे से अधिक चरण पूरे हो जाएंगे।

सभी बड़े दलों के नेताओं ने कर्नाटक, राजस्थान, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और ओड़िशा और बिहार समेत अन्य राज्यों में जाकर राष्ट्रीय और स्थानीय मुद्दों को उठाकर मतदाताओं को अपने-अपने पक्ष में लुभाने की कोशिश की।

गुरुवार को कर्नाटक की 28, राजस्थान की 20, महाराष्ट्र की 19, उत्तर प्रदेश और ओड़िशा की 11-11, मध्य प्रदेश की 10, बिहार की 7, झारखंड की 6, पश्चिम बंगाल की 4, छत्तीसगढ़ की 3, जम्मू कश्मीर और मणिपुर की एक-एक सीट के लिए मतदान होगा। पांचवें चरण में कुल 1769 उम्मीदवार मैदान में हैं।

कर्नाटक में दोनों बड़ी राष्ट्रीय पार्टियों के साथ-साथ राज्य के कददावर नेताओं ने सघन प्रचार किया। जिन जाने माने चेहरों की किस्मत का फैसला होगा उसमें नंदन नीलेकणि (कांग्रेस), पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा (जद-एस) और केंद्रीय मंत्री वीरप्पा मोइली (कांग्रेस) शामिल हैं।

पिछले साल हुए विधानसभा चुनावों में करारी शिकस्त मिलने के बाद भाजपा अपनी किस्मत के सितारे बुलंद होने की उम्मीद कर रही है। भाजपा के प्रचार को नरेंद्र मोदी ने सबसे अधिक बल दिया है। मोदी ने राज्य में विगत चार महीने में 13 रैलियों को संबोधित किया जबकि भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और सुषमा स्वराज नदारद दिखे। पार्टी की राज्य इकाई ने इसका कोई संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दिया। उसने सिर्फ इतना कहा कि उनका कार्यक्रम पहले से कहीं और है।

कांग्रेस की तरफ से कर्नाटक में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने प्रचार अभियान का नेतृत्व किया। उन्होंने राज्य में 75 से अधिक रैलियों को संबोधित किया। उनका काफी कुछ इन चुनावों में दांव पर लगा हुआ है। पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी की सभाओं ने भी पार्टी के प्रचार अभियान को धार दी।

आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल बेंगलूर में सिर्फ एक बार चुनाव प्रचार के लिए गए। आप कर्नाटक की सभी सीटों पर चुनाव लड़ रही है। राज्य में कुल 435 उम्मीदवार मैदान में हैं और कुल 4.62 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। राजस्थान में 3.8 करोड़ मतदाता 239 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे।

महाराष्ट्र में तकरीबन 3.25 करोड़ मतदाता 19 सांसदों को चुनेंगे। इसके लिए 358 उम्मीदवार मैदान में हैं। जो जाने-माने उम्मीदवार मैदान में हैं उनमें गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण और भाजपा के वरिष्ठ नेता गोपीनाथ मुंडे शामिल हैं। 

महाराष्ट्र की राजनीति की अगली पीढ़ी के नेताओं में सुप्रिया सुले (बारामती) और नीलेश राणे (रत्नागिरि-सिंधुदुर्ग) से दोबारा जीत हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष राजीव सातव हिंगोली से लोकसभा पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। वह फिलहाल विधायक हैं।
पश्चिम बंगाल में पांच चरणों में होने वाले चुनाव के पहले चरण में जिन चार सीटों पर मतदान होना है उसके लिए भी चुनाव प्रचार समाप्त हो गया। इस दौरान सबसे प्रमुख दाजिर्लिंग सीट पर मतदान होना है। वहां काफी करीबी मुकाबला होने की उम्मीद है।

दार्जिलिंग के अतिरिक्त जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरदुआर्स में भी 17 अप्रैल को मतदान होगा। इन चार सीटों पर कुल 60 लाख 14 हजार 258 मतदाता कुल 47 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें