महिलाएं जींस पहनकर समस्या पैदा न करें: येसुदास
मशहूर गायक केजे येसुदास ने महिलाओं के जींस पहनने का विरोध करते हुए कहा कि यह भारतीय संस्कृति के खिलाफ है। उनके इस बयान के बाद विवाद पैदा हो गया। गांधी जयंती पर एक स्वैच्छिक संस्था द्वारा गुरुवार को...
मशहूर गायक केजे येसुदास ने महिलाओं के जींस पहनने का विरोध करते हुए कहा कि यह भारतीय संस्कृति के खिलाफ है। उनके इस बयान के बाद विवाद पैदा हो गया। गांधी जयंती पर एक स्वैच्छिक संस्था द्वारा गुरुवार को आयोजित समारोह में येसुदास ने कहा कि जींस पहनकर महिलाओं को दूसरों के लिए समस्या पैदा नहीं करना चाहिए। जो ढंकने लायक है, उसे ढंका जाना चाहिए।
74 वर्षीय गायक ने कहा कि इस तरह की पोशाक भारतीय संस्कृति के खिलाफ है, जिसमें सादगी एवं सौम्यता को महिलाओं के सबसे बड़े गुणों में गिना जाता है। गायक की टिप्पणी पर विरोध जताते हुए महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने नगर में मार्च निकाला। महिला कांग्रेस की नेता बिंदु कृष्णा ने कहा कि यह पूरी तरह अस्वीकार्य है। इसे सिर्फ महिलाओं के अधिकार के अतिक्रमण के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि येसुदास महान गायक हैं और संगीत में उनके योगदान पर सभी भारतीयों को गर्व है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि उन्होंने इस तरह की महिला विरोधी टिप्पणी की है।