फोटो गैलरी

Hindi Newsभाजपा ने बनाई जांच कमेटी, आज करेगी दौरा

भाजपा ने बनाई जांच कमेटी, आज करेगी दौरा

कांठ के अकबरपुर चेदरी गांव (नयागांव) में हुए बवाल की जांच करने के लिए प्रदेश भाजपा ने चार सदस्यीय कमेटी गठित की है। यह कमेटी आज रविवार को गांव का दौरा करके संबंधित पक्षों से बातचीत करेगी। इसके अलावा...

भाजपा ने बनाई जांच कमेटी, आज करेगी दौरा
लाइव हिन्दुस्तान टीमSat, 28 Jun 2014 10:51 PM
ऐप पर पढ़ें

कांठ के अकबरपुर चेदरी गांव (नयागांव) में हुए बवाल की जांच करने के लिए प्रदेश भाजपा ने चार सदस्यीय कमेटी गठित की है। यह कमेटी आज रविवार को गांव का दौरा करके संबंधित पक्षों से बातचीत करेगी। इसके अलावा भाजपा ने चार जुलाई को कांठ क्षेत्र में महापंचायत के आयोजन का ऐलान किया है। जिसमें प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भी शामिल होंगे।

शनिवार को भाजपा के कुछ पदाधिकारियों ने अकबरपुर चेदरी गांव का दौरा किया। वहां से महानगर लौटने के बाद भाजपा के क्षेत्रीय मंत्री भूपेंद्र सिंह सहित पदाधिकारी हरपालनगर स्थित पार्टी कार्यालय पर मीडिया से रूबरू हुए। भूपेंद्र सिंह ने बताया कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेई ने अकबरपुर चेदरी गांव में हुई घटना पर उच्चस्तरीय जांच समिति का गठन किया है। इसमें उनके अलावा चार विधायक शामिल रहेंगे। विधायक सुरेश राणा (शामली), लोकेंद्र सिंह (नूरपुर), रविंद्र भड़ाना (मेरठ दक्षिण) के साथ भूपेंद्र सिंह रविवार पूर्वान्ह ग्यारह बजे गांव के लिए रवाना होंगे। कमेटी सभी पक्षों से बातचीत करने के बाद प्रदेश भाजपा को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। क्षेत्रीय भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि चार जुलाई को कांठ क्षेत्र में भाजपा की महापंचायत के आयोजन का निर्णय लिया गया है। जिसमें प्रदेश भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेई समेत कई सांसद, विधायक व अन्य पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। कांठ के पूर्व विधायक राजेश कुमार सिंह इसके संयोजक होंगे। महामंत्री हरिओम शर्मा, हुकुम सिंह, उपाध्यक्ष धर्मपाल सिंह, जिला पंचायत सदस्य मुनेश चौहान, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष मंजू शर्मा, अनुसूचित जाति मोर्चा बालेचरण को व्यवस्थापक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही जिला प्रशासन के साथ वार्ता करने के लिए भी भाजपा की समिति गठित की गई है। इसमें महानगर अध्यक्ष रितेश गुप्ता, राजेश कुमार सिंह, गोपाल अंजान, हरिओम शर्मा, गिरीश वर्मा शामिल किए गए हैं। इस दौरान भाजपा महानगर अध्यक्ष रितेश गुप्ता, कांठ के पूर्व विधायक राजेश कुमार सिंह, गोपाल अंजान, भाजपा मीडिया प्रभारी राजीव गुप्ता, अनुराग सिंह आदि मौजूद रहे। राजीव गुप्ता ने बताया कि जांच समिति के सदस्य सुबह ग्यारह बजे सर्किट हाउस पहुंचेंगे जहां से वह अकबरपुर चेदरी गांव के लिए रवाना होंगे। 

भाजपा की प्रशासन से तीन सूत्री मांग
अकबरपुर चेदरी गांव में हुए बवाल के पीछे प्रशासन की भूमिका से नाखुश भाजपा ने तीन सूत्री मांगें प्रशासनिक अफसरों के सामने रखी हैं। क्षेत्रीय अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने बताया कि धर्मस्थल से हटाया लाउडस्पीकर दोबारा वहां लगाया जाए, बेकसूर लोगों पर लगाए मुकदमे वापस लिए जाएं, वहां पर लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने में जिन कर्मियों की भूमिका सामने आई है उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

प्रशासन ने बिगाड़ा अमनपसंद गांव का माहौल
मुरादाबाद। अकबरपुर चेदरी गांव में हुए बवाल के लिए भाजपा पदाधिकारियों ने सीधे तौर पर प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। महानगर अध्यक्ष रितेश गुप्ता ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने पैंतालीस वर्षो से वहां के लोगों के बीच बने भाईचारे के माहौल को खराब करने की कोशिश की। धर्मस्थल पर लगा माइक एकपक्षीय कार्रवाई करके हटवाया। जिसका विरोध करने पर लोगों के साथ मारपीट की। बुजुर्ग महिलाओं पर झूठे मुकदमे लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। हिन्दू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने धरना दिया तो पुलिस ने उन पर लाठियां बरसाईं।

सौहार्द के तिनके संजोकर बसा बाढ़ में उजड़ा गांव
मुरादाबाद। अकबरपुर चेदरी को आसपास के लोग नयागांव के नाम से जानते हैं। गांव का यह नाम पुराना नहीं बल्कि नया है। कांठ के पूर्व विधायक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि करीब पैंतीस साल पहले आई भीषण बाढ़ के कारण यह गांव तबाह हो गया था। जिसके बाद लोगों ने इसे दोबारा से बसाया। इसीलिए इसका नाम नया गांव पड़ गया। गांव में दोनों समुदायों के लोग भाईचारे और सौहार्द के माहौल में रहते हैं। पूर्व विधायक के मुताबिक इस घटना से चार दिन पहले ही वह गांव में गए थे। उस धर्मस्थल पर माइक बज रहा था, लेकिन किसी की तरफ से ऐतराज नहीं जताया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन की वजह से ही गांव का माहौल खराब हुआ। इसमें गांव के लोगों का जरा भी हाथ नहीं है। महानगर अध्यक्ष रितेश गुप्ता ने बताया कि एक समुदाय के पुरुष गांव से पलायन कर गए हैं।

 

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें