फोटो गैलरी

Hindi Newsहरियाणा में भाजपा-हजकां का तीन साल पुराना गठबंधन टूटा

हरियाणा में भाजपा-हजकां का तीन साल पुराना गठबंधन टूटा

हरियाणा में विधानसभा चुनावों से पहले कुलदीप बिश्नोई नीत हरियाणा जनहित कांग्रेस (एचजेसी-बीएल) ने आज भाजपा के साथ गठबंधन तोड़ने का फैसला किया और अब वह कांग्रेस के पूर्व नेता विनोद शर्मा की जन चेतना...

हरियाणा में भाजपा-हजकां का तीन साल पुराना गठबंधन टूटा
एजेंसीThu, 28 Aug 2014 03:03 PM
ऐप पर पढ़ें

हरियाणा में विधानसभा चुनावों से पहले कुलदीप बिश्नोई नीत हरियाणा जनहित कांग्रेस (एचजेसी-बीएल) ने आज भाजपा के साथ गठबंधन तोड़ने का फैसला किया और अब वह कांग्रेस के पूर्व नेता विनोद शर्मा की जन चेतना पार्टी को अपना नया सहयोगी बनाएगी।

हजकां-भाजपा गठबंधन तीन साल पहले हुआ था और कुछ समय से दोनों दलों के बीच विवाद चल रहा था। भाजपा से गठबंधन तोड़ने का फैसला करते हुए हजकां अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि भगवा दल ने उनकी पार्टी के साथ छल किया है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के पूर्व नेता विनोद शर्मा की जन चेतना पार्टी (जेसीपी) के साथ गठबंधन करेगी।

हरियाणा में अक्टूबर माह में विधानसभा चुनाव हो सकते हैं। दिवंगत मुख्यमंत्री भजनलाल के छोटे पुत्र बिश्नोई ने संवाददाता सम्मेलन में कहा हमने गठबंधन को बनाए रखने के लिए अपनी ओर से पूरी कोशिश की, वे (भाजपा) गठबंधन के सिद्धांतों पर कायम रहने के लिए तैयार नहीं हैं।

बिश्नोई ने भिवानी जिले में कल एक रैली में कहा छलना भाजपा के स्वभाव में है। उन्होंने दावा किया कि पिछले तीन साल से वह पूरे दिल से भाजपा के साथ सहयोग करते रहे, लेकिन अंत में हम ही छले गए। हरियाणा में भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी सभी 90 सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ने की स्थिति में है। उन्होंने बिश्नोई पर गठबंधन तोड़ने का प्रयास करने का आरोप लगाया।

हरियाणा में सत्तारूढ़ कांग्रेस को बेदखल करने के लिए प्रयासरत भाजपा और हजकां के बीच दरार लोकसभा चुनावों से नजर आ रही थी। हजकां ने दो सीटों पर चुनाव लड़ा और दोनों पर हार गई जबकि भाजपा ने सात सीटों पर जीत दर्ज की। विधानसभा चुनावों के लिए सीटों के बंटवारे के मुद्दे पर दोनों दलों के बीच मतभेद होने के कारण उनके संबंध तनावपूर्ण थे। बिश्नोई 90 में से 45 सीटें मांगते हुए कह रहे थे कि उन्हें गठबंधन का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया जाए। भाजपा दोनों ही मांगों को खारिज करती रही है।

हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा से तीन साल पुराना नाता तोड़ने के हरियाणा जनहित कांग्रेस (बीएल) के फैसले पर भारतीय जनता पार्टी ने आज आरोप लगाया कि यह पार्टी लोकसभा चुनाव के समय से ही कांग्रेस की बी-टीम के रूप में काम रही है और आम चुनावों की तरह अब विधानसभा चुनावों में भी प्रदेश की जनता उसे अच्छा सबक सिखाएगी।

भाजपा पर छल करने का आरोप लगा कर उससे नाता तोड़ने के हजकां अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई के ऐलान पर पलटवार करते हुए भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने यहां कहा कि यह हजकां ही है जिसने भाजपा से गठबंधन करने के बावजदू लोकसभा चुनावों में कांग्रेस की बी टीम बन कर काम किया।

शाहनवाज ने कहा कि कांग्रेस के खिलाफ जनता के आक्रोश की जमीनी हकीकत को हजकां समक्ष नहीं पाई और उसकी बी टीम के रूप में काम करती रही है। उनके अनुसार इसके चलते नरेन्द्र मोदी की इतनी बड़ी हवा होने के बावजूद हजकां के दोनों उम्मीदवारों को वहां की जनता ने नकार दिया।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि हजकां को कांग्रेस की बी-टीम बनने के लिए वहां की जनता लोकसभा चुनाव में पूरी तरह नकार चुकी है और अब विधानसभा चुनावों में भी उसका यही हश्र होगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा अपने दम पर चुनाव लड़ेगी और अपने ही दम पर पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

शाहनवाज ने दावा किया कि लोकसभा चुनाव के दौरान ही हमने हजकां से कह दिया था कि अगर वह कांग्रेस की बी-टीम बन कर काम करना जारी रखेगी तो रिश्ते चलना मुश्किल होगा। उनके अनुसार हमारा संदेश वह समझ गए और इसीलिए हमें छोड़ गए। हमने कभी किसी सहयोगी को दगा या धोखा नहीं दिया है। लेकिन यह नहीं चल सकता कि कोई हमारे साथ गठबंधन करे और किसी और की बी-टीम बन कर काम करे।

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें