फोटो गैलरी

Hindi Newsफडणवीस बन सकते हैं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री, गडकरी दौड़ से हटे

फडणवीस बन सकते हैं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री, गडकरी दौड़ से हटे

केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता नितिन गडकरी महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री पद की होड से हट गए हैं जिसके बाद अब देवेंद्र फडणवीस की ताजपोशी की संभावनाएं बढ़ गयी हैं।...

फडणवीस बन सकते हैं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री, गडकरी दौड़ से हटे
एजेंसीFri, 24 Oct 2014 10:56 AM
ऐप पर पढ़ें



केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता नितिन गडकरी महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री पद की होड से हट गए हैं जिसके बाद अब देवेंद्र फडणवीस की ताजपोशी की संभावनाएं बढ़ गयी हैं।
       
भाजपा सूत्रों ने बताया कि गडकरी ने गुरुवार को नागपुर में फडणवीस के आवास पर उनसे मुलाकात की। गडकरी ने बाद में कहा कि उनकी महाराष्ट्र की राजनीति में लौटने की कोई इच्छा नहीं है और वह दिल्ली में अपने काम से संतुष्ट हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया में मेरे और फडणवीस के बारे में जो कुछ चल रहा है उससे मुझे दुख हुआ है। हमारे पारिवारिक रिश्ते हैं और कोई प्रतिद्वंद्विता नहीं है।
       
माना जा रहा है कि भाजपा के विधायकों की 27 अक्टूबर को मुंबई में एक बैठक होगी जिसमें पार्टी विधायक दल का नेता चुना जाएगा। मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह 28 अक्टूबर को होने की संभावना है।
       
महाराष्ट्र में 288 सीटों वाली विधानसभा के लिए हाल में चुनावों में भाजपा 122 सीटें लेकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी। पार्टी 138 विधायकों के समर्थन का दावा कर रही है जिनमें कुछ छोटी पार्टियां और निर्दलीय शामिल हैं। बहुमत के लिए 145 सीटों की जरूरत है और भाजपा का दावा है कि वह सदन में बहुमत साबित करेगी।
       
भाजपा और शिवसेना के बीच 25 साल पुराना गठबंधन विधानसभा चुनावों से ऐन पहले टूट गया था और दोनों पार्टियों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था। शिवसेना को इन चुनावों में 63 सीटें मिली हैं लेकिन भाजपा ने शिवसेना का समर्थन लेने के बारे में अपना रुख साफ नहीं किया है।
       
शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) पहले ही सरकार बनाने के लिए भाजपा को बिना शर्त बाहर से समर्थन देने की घोषणा कर चुकी है। भाजपा ने राकांपा के इस प्रस्ताव पर अभी तक कोई फैसला नहीं लिया है। हालांकि पार्टी सूत्रों का कहना है कि इस संभावना पर भी विचार चल रहा है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें