फोटो गैलरी

Hindi Newsकोहरे ने थामे रेल के पहिये, कई उड़ाने रद्द

कोहरे ने थामे रेल के पहिये, कई उड़ाने रद्द

घने कोहरे का असर देश भर की रेल सेवाओं पर पड़ा है। दिल्ली की ओर आने वाली कई ट्रेनें 17 घंटे से ज्यादा विलंब से चल रही हैं। दिल्ली से आने जाने वाली 48 ट्रेनें रविवार की सुबह देरी से चल रही थीं। अंबाला...

कोहरे ने थामे रेल के पहिये, कई उड़ाने रद्द
लाइव हिन्दुस्तान टीमMon, 22 Dec 2014 12:47 AM
ऐप पर पढ़ें

घने कोहरे का असर देश भर की रेल सेवाओं पर पड़ा है। दिल्ली की ओर आने वाली कई ट्रेनें 17 घंटे से ज्यादा विलंब से चल रही हैं। दिल्ली से आने जाने वाली 48 ट्रेनें रविवार की सुबह देरी से चल रही थीं।

अंबाला क्षेत्र में शाने पंजाब एक्सप्रेस, पश्चिम एक्सप्रेस और कालका एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें निर्धारित समय से कई घंटे पीछे चल रही हैं। पंजाब में शताब्दी समेत कई एक्सप्रेस ट्रेनें तीन घंटा तक देरी से चल रही हैं। इसी तरह जयपुर में पांच सवारी गाड़ियां देर से पहुंची और कुछ अन्य सवारी गाड़ियां चार घंटे तक विलंब से चल रही हैं। शीतलहर के कारण मध्य प्रदेश के भोपाल से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनें पांच घंटे से ज्यादा की देरी से चल रही हैं। पिछले कई दिनों से जारी कोहरे के कारण उड़ानें रद्द रहने से विमानन कंपनियों को करोड़ों का घाटा उठाना पड़ा है। जेट एयरवेज, इंडिगो, स्पाइस जेट की की चंडीगढ़ से उड़ानें रद्द रहीं।

यूपी में नजीबाबाद सबसे ठंडा
उत्तर प्रदेश में नजीबाबाद का न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है जो राज्य में सबसे कम है। वहीं आगरा का रविवार का न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह समान्य से चार डिग्री कम हैं। वहीं एक दिन पहले का अधिकतम तापमान 14.3 डिग्री रहा था। यूपी के दूसरे कई शहरों में भी तापमान समान्य से कम रिकॉर्ड किया गया जिसकी वजह से लोग गला देने वाली ठंड महसूस कर रहे हैं।

कोहरे के कारण दृश्यता 50 मीटर से भी कम
मौसम विभाग के मुताबिक कोहरे की वजह से उत्तर भारत के कई शहरों में दृश्यता 50 मीटर से भी कम रह गई। यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के कई शहरों में रविवार की सुबह घना कोहरा छाया रहा। अमृतसर, अंबाला, हिसार, आगरा, कानपुर, झांसी जैसे शहरों में कोहरे के कारण दृश्यता 50 मीटर से भी कम हो गई।

हरियाणा में नारनौल सबसे ठंडा
हरियाणा के हिसार और नारनौल में सबसे ज्यादा पारे में गिरावट दर्ज की गई। हिसार में न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री और नारनौल में 1.6 डिग्री रिकॉर्ड किया।

कश्मीर में ‘चिल्लई कलां’ शुरू
श्रीनगर। चिल्लई कलां के नाम से जाना जाने वाला 40 दिन की भीषण ठंड का मौसम कश्मीर घाटी में शुरू हो गया है। चिल्लई कलां के दौरान बर्फबारी की संभावनाएं ज्यादा होती हैं। इस दौरान मौसम ठंडा बना रहता है क्योंकि दिन का तापमान भी तेजी से नीचे गिरता है जिससे प्रसिद्ध डल क्षील समेत अधिकतर जलाशय जम जाते हैं। मौसम विभाग ने कश्मीर घाटी में अगले दो दिनों के दौरान बारिश और हिमपात की संभावना जताई है।

कहां कितना गिरा पारा
श्रीनगर   -1.8 डिग्री
शिमला  5.3 डिग्री
मनाली  -3.0 डिग्री
केलांग   -7.0
कल्पा   -7.0
आगरा   3.8
झांसी   4.4
लखनऊ  7.2
मेरठ   4.7
मुजफ्फरनगर  5.7

शीतलहर की चपेट में झारखंड
रांची। पूरा झारखंड भयानक शीतलहर की चपेट में है। राज्य के लगभग सभी जिलों में सुबह के कोहरे और तापमान में लगातार गिरावट से जनजीवन प्रभावित हो गया है। रविवार को धूप नहीं खिलने के कारण लोग घरों में ही दुबके रहे। मौसम वैज्ञानिकों ने अगले दो-तीन दिन में तापमान में और गिरावट की भविष्यवाणी की है। पिछले 24 घंटे में झारखंड में चतरा सबसे ठंडा शहर रहा। वहां का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

रेंगने लगीं रेलगाड़ियां
लखनऊ। यदि ट्रेन से जाना है तो एक बार उसकी स्थिति जरूर पता कर लें, फिर घर से निकलें। कोहरे के कारण सुपरफास्ट ट्रेनें भी लगभग रेंगते हुए आगे बढ़ीं। लखनऊ जंक्शन पर रविवार को कोई ट्रेनें 17 घंटे देरी से चल रही थीं। मेरठ में नौचंदी एक्सप्रेस 8 घंटे तो संगम एक्सप्रेस 11 घंटे लेट से पहुंची।

ट्रेन   कितनी लेट
13006 पंजाब मेल     17 घंटे
12331 हिमगिरी एक्सप्रेस     17 घंटे
15654 अमरनाथ एक्सप्रेस     16 घंटे
13250 कोटा पटना एक्सप्रेस     13 घंटे
13257 आनंद विहार एक्सप्रेस     12 घंटे
12328 उपासना एक्सप्रेस     12 घंटे
13120 सियालदह एक्सप्रेस     11 घंटे
12420 गोमती एक्सप्रेस     10.40 घंटे
14014 सद्भावना एक्सप्रेस     10 घंटे

ब्रिटेन में इस बार सफेद क्रिसमस
लंदन। इस बार बर्फबारी के कारण ब्रिटेन के लोगों को सफेद क्रिसमस देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट के साथ क्रिसमस के दौरान भारी बर्फबारी की संभावना जताई है। क्रिसमस से पहले उत्तरी ब्रिटेन का तापमान शून्य से 7 डिग्री नीचे जाने का अनुमान है। 100 किलोमीटर प्रति घंटे से तेज गति से ठंडी हवाएं चलने का भी अंदेशा है।

कहां कितना न्यूनतम तापमान
मास्को   -2 डिग्री
रिकज्विक  -4 डिग्री
लंदन    9 डिग्री
टोकियो   5 डिग्री

 

 

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें