पैसे लेकर वोट देने के बयान पर केजरीवाल को नोटिस
चुनाव आयोग ने कांग्रेस की शिकायत पर आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल को आदर्श चुनाव संहिता के उल्लंघन के आरोप में नोटिस जारी किया है। आयोग ने केजरीवाल से 22 जनवरी की दोपहर...
चुनाव आयोग ने कांग्रेस की शिकायत पर आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल को आदर्श चुनाव संहिता के उल्लंघन के आरोप में नोटिस जारी किया है। आयोग ने केजरीवाल से 22 जनवरी की दोपहर बाद चार बजे तक इसका जवाब देने को कहा है।
यह नोटिस कांग्रेस की शिकायत पर जारी किया गया है। पार्टी ने आयोग से शिकायत की थी कि केजरीवाल ने 18 जनवरी को उत्तम नगर की एक जनसभा में लोगों से कांग्रेस और भाजपा से धन लेने के लिए उकसाया था जो रिश्वत की पेशकश करने जैसा अपराध है।
केजरीवाल ने कहा था कि चुनाव का टाइम है, पैसे देने भी आएंगे। दोनों पार्टियां आएंगी। बीजेपी वाले भी, कांग्रेस वाले भी। पैसे देने आएं, मना मत करना। ले लेना। दोनों की पार्टियों से ले लेना। अपना ही पैसा लूट रखा है इन्होंने। किसी ने 2जी में लूट लिया किसी ने कोयले में लूट लिया।
कोई पार्टी न देने आए तो उनके दफ्तर जाकर ले लेना। कहना कि आए नहीं, इंतजार कर रहे थे आपका। दोनों पार्टियों से लेंगे पैसा लेकिन वोट आप को देंगे। उल्लेखनीय है कि केजरीवाल के खिलाफ चुनाव आयोग ने दूसरी बार नोटिस जारी किया है। इससे पहले भाजपा की शिकायत पर उन्हें नोटिस जारी किया गया था। दिल्ली की भाजपा इकाई के अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि केजरीवाल ने एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा था कि भाजपा दिल्ली में साम्प्रदायिक हिंसा भड़काने की कोशिश कर रही है।